• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. चंद्र अभियान
Written By भाषा
Last Modified: लंदन (भाषा) , गुरुवार, 23 अक्टूबर 2008 (21:23 IST)

ब्रिटेन ने दी भारत को बधाई

ब्रिटेन ने दी भारत को बधाई -
ब्रिटेन ने चंद्रमा के विस्तृत अध्ययन के लिए भेजे गए भारत के चंद्रयान-प्रथम के सफल प्रक्षेपण की सराहना की है, वहीं एक अखबार ने अपने शीर्षक में लिखा है कि मून मिशन भारत की महत्वाकांक्षाओं को इस दुनिया से परे ले गया।

अफ्रीका, एशिया और संयुक्त राष्ट्र के लिए विदेश एवं राष्ट्रमंडल कार्यालय के मंत्री लार्ड मेलोश ब्राउन ने कहा बहुत बढ़िया हम भारत के मानव रहित चंद्रयान-प्रथम के सफल प्रक्षेपण से खुश हैं।

चाँद के अनसुलझे रहस्यों को सुलझाने के लिए बुधवार को दो साल के अभियान के लिए चंद्रयान-प्रथम आँध्रप्रदेश स्थित श्रीहरिकोटा से रवाना हुआ। लार्ड ब्राउन ने कहा कि यह भारत की बढ़ती प्रौद्योगिकी क्षमता का परिचायक है।

'द टाइम्स' ने अपने संपादकीय में चंद्रयान-प्रथम के प्रक्षेपण का जिक्र करते हुए लिखा है कि भारत संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थायी सीट का हकदार है और उसके प्रभाव को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। अन्य अखबारों और टीवी चैनलों ने भी चंद्रयान-प्रथम के प्रक्षेपण की खबरों को प्रमुखता दी है।

बीबीसी ने भारत के चंद्र अभियान को लेकर आलोचकों के हवाले से कहा जिस देश में लाखों लोग मूलभूत सुविधाओं से अब तक वंचित हैं, वहाँ ऐसा अभियान संसाधनों की बर्बादी है।