1. समाचार
  2. ऑटो मोबाइल
  3. कार न्यूज़
  4. maruti suzuki wagonr flex fuel indias first e85 car launch
Last Updated :नई दिल्ली , गुरुवार, 4 जून 2026 (17:43 IST)

भारत की पहली Flex Fuel कार लॉन्च! Maruti Suzuki WagonR अब चलेगी E85 इथेनॉल पर

Maruti Suzuki WagonR Flex Fuel
विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) से ठीक पहले मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड (MSIL) ने देश की पहली फ्लेक्स फ्यूल (Flex Fuel) कार WagonR Flex Fuel पेश कर दी है। यह खास वर्जन E85 फ्यूल (85 प्रतिशत इथेनॉल और 15 प्रतिशत पेट्रोल के मिश्रण) पर चलने में सक्षम है। माना जा रहा है कि यह कदम भारत को पारंपरिक जीवाश्म ईंधन से स्वच्छ और वैकल्पिक ईंधन की ओर ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मारुति सुजुकी की सबसे लोकप्रिय हैचबैक कारों में शामिल WagonR का फ्लेक्स फ्यूल अवतार भारतीय बाजार के लिए एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है, क्योंकि इसकी कीमत और लोकप्रियता इसे बड़े उपभोक्ता वर्ग तक पहुंचाने में मदद कर सकती है। 
इस लॉन्च कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी मौजूद रहे।
 

क्या है Flex Fuel तकनीक?

सामान्य पेट्रोल कारों के मुकाबले फ्लेक्स फ्यूल वाहन अधिक मात्रा में इथेनॉल मिश्रित ईंधन पर चल सकते हैं। इससे न केवल वाहनों से निकलने वाले प्रदूषण में कमी आती है, बल्कि कच्चे तेल (Crude Oil) के आयात पर निर्भरता भी घटती है। मारुति सुजुकी का कहना है कि यह पहल केंद्र सरकार की ऑटोमोबाइल सेक्टर में इथेनॉल के उपयोग को बढ़ावा देने और देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम है।

WagonR Flex Fuel में क्या है खास?

नई WagonR Flex Fuel में स्टैंडर्ड पेट्रोल मॉडल की तुलना में कई हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर अपग्रेड किए गए हैं। इसमें बेहतर फ्यूल डिलीवरी सिस्टम, इथेनॉल-अनुकूल सामग्री (Ethanol Compatible Components) और अपडेटेड इंजन कैलिब्रेशन सिस्टम दिया गया है। इसके अलावा, कार का पावरट्रेन मैनेजमेंट सिस्टम ईंधन में मौजूद इथेनॉल की मात्रा के अनुसार रियल टाइम में फ्यूल इंजेक्शन और दहन प्रक्रिया को एडजस्ट करता है, जिससे बेहतर परफॉर्मेंस, माइलेज और इंजन की लंबी उम्र सुनिश्चित होती है।
 

नितिन गडकरी ने क्या कहा?

 
लॉन्च के दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि भारत हर साल बड़ी मात्रा में कच्चे तेल का आयात करता है और इथेनॉल जैसे जैव ईंधन (Biofuel) इस निर्भरता को कम करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि  फ्लेक्स फ्यूल वाहन इथेनॉल की मांग बढ़ाएंगे, जिससे किसानों, उद्योग और पर्यावरण- तीनों को लाभ होगा। मारुति सुजुकी ने भारत की पहली फ्लेक्स फ्यूल कार पेश कर एक महत्वपूर्ण पहल की है।
 

हरदीप सिंह पुरी का बयान

पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की इथेनॉल यात्रा लगातार आगे बढ़ रही है। उनके मुताबिक, फ्लेक्स फ्यूल वाहन कच्चे तेल के आयात को कम करने, विदेशी मुद्रा बचाने, प्रदूषण घटाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में मदद करेंगे। Edited by : Sudhir Sharma
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें