गुरुवार, 26 मार्च 2026
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. sonal chauhan pv sindhu dubai airport crisis middle east war
Last Modified: रविवार, 1 मार्च 2026 (10:22 IST)

मिसाइल हमलों के बीच दुबई में फंसी एक्ट्रेस सोनल चौहान, PM मोदी से मांगी मदद

West Asia war crisis
पश्चिम एशिया में गहराते युद्ध के संकट ने अब आम नागरिकों के साथ-साथ बॉलीवुड और खेल जगत के सितारों को भी अपनी चपेट में ले लिया है। ईरान पर अमेरिका और इजराइल के मिसाइल हमलों के बाद हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं। ईरान ने भी कई खाड़ी देशों पर मिसाइलों से हमला कर दिया है। 
 
दुबई सहित कई खाड़ी देशों में विमान सेवाएं ठप हो गई हैं। इस तनावपूर्ण स्थिति के बीच बॉलीवुड अभिनेत्री सोनल चौहान के दुबई में फंसे होने की खबर सामने आई है। सोनल चौहान ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी आपबीती साझा की है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर पीएम मोदी से गुहार लगाई है। 
 
सोनल चौहान ने लिखा, माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, मैं मौजूदा संकट के बीच दुबई में फंसी हुई हूं। सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं और भारत लौटने का कोई स्पष्ट रास्ता नहीं दिख रहा है। मैं सुरक्षित घर वापसी के लिए सरकार से मार्गदर्शन और सहायता का अनुरोध करती हूं।
 
सोनल ने विदेश मंत्रालय और दुबई में भारतीय दूतावास से भी संपर्क साधा है। बताया जा रहा है कि वह एक प्रोफेशनल शूट के सिलसिले में दुबई गई थीं। सिर्फ सोनल ही नहीं, भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु भी दुबई एयरपोर्ट पर फंसी हुई हैं। सिंधु ऑल इंग्लैंड ओपन टूर्नामेंट के लिए बर्मिंघम जा रही थीं और दुबई उनका ट्रांजिट स्टॉप था। 
 
दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल पर मिसाइल हमले के मलबे से आंशिक क्षति की खबरें हैं, जिसके कारण परिचालन पूरी तरह बंद कर दिया गया है। 'पाम जुमेराह' और 'बुर्ज अल अरब' के पास भी धमाकों और धुएं के गुबार देखे गए हैं। संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा तंत्र ने कई मिसाइलों को हवा में ही मार गिराया है, लेकिन सुरक्षा कारणों से एयरस्पेस को अनिश्चितकाल के लिए बंद रखा गया है।
ये भी पढ़ें
परिवार संग दुबई में फंसा यह साउथ स्टार, वीडियो शेयर कर दिखाया आसमान में मिसाइलों का तांडव