गौरव खन्ना को अभी तक नहीं मिली 'बिग बॉस 19' में जीती कार, प्रणित मोरे के सामने किया खुलासा
टीवी एक्टर गौरव खन्ना घर-घर अपनी पहचान बना चुके हैं। गौरव कई रियलिटी शोज का भी हिस्सा रहे हैं। हाल ही में उन्होंने 'बिग बॉस 19' की ट्रॉफी भी अपने नाम की है। 'बिग बॉस' का विनर बनने के बाद गौरव खन्ना ने अपना यूट्यूब चैनल भी शुरू किया है।
हाल ही में गौरव ने अपने यूट्यूब चैनल पर फैंस के साथ मजेदार और हल्के-फुल्के पल शेयर किए। गौरव ने अपने काम के बारे में बताया और साथ ही यह भी खुलासा किया कि उन्होंने रियलिटी शो में जो कार जीती थी, वो उनको अभी तक नहीं मिली। इस दौरान उनके साथ स्टैंड अप कॉमेडियन प्रणित मोरे भी नजर आए।
वीडियो की शुरुआत गौरव अपने घर से करते हैं और वह एक स्पेशल इवेंट को होस्ट करने की तैयारियों में लगे होते हैं। इसके बारे में जानकारी देते हुए अभिनेता ने कहा, मैं पहली बार किसी ऐसे इवेंट को होस्ट कर रहा हूं। यह कुछ बहुत ही अलग है। स्क्रिप्ट इतनी बड़ी है और ऐसा लग रहा है जैसे मैं किसी परीक्षा की तैयारी कर रहा हूं। मैं घोड़े पर सवार होकर मंच पर आऊंगा। दो शो होंगे और हर शो में 40 हजार लोगों की भीड़ होगी।
उन्होंने कहा, यहां का माहौल बिल्कुल अलग होगा। मैं रिलायंस फैमिली शो की मेजबानी कर रहा हूं, जो हर साल धीरूभाई अंबानी के जन्मदिन पर होता है, वो मैं होस्ट कर रहा हूं। यह मेरा सौभाग्य है कि इस साल यह मौका मुझे मिला है और पहले भी एक-दो बार पूछा गया था, लेकिन तब बात नहीं बन पाई थी। इस साल यह संभव हो पाया है। यह कोई टीवी पर ऑन एयर होने वाला कार्यक्रम नहीं है, लेकिन पर्सनली यह मेरे लिए एक उपलब्धि है।
इसके बाद वीडियो में गौरव बिग बॉस 19 के फाइनलिस्ट प्रणित मोरे से डिनर के लिए एक होटल में मिलते हैं। वहीं, गौरव खाना खाते समय प्रणित को चम्मच-कांटा इस्तेमाल करते देख हैरान हो जाते हैं। वह मजाक में पूछते हैं कि क्या ये बिग बॉस का असर है, जिस पर प्रणित कहते हैं कि मैं अमीर बन चुका हूं।
वीडियो के आखिरी में गौरव प्रणित को मिठाई का एक डिब्बा देते हैं। इस पर प्रणित कहते हैं, 'मुझे बिग बॉस के घर में जीती हुई कार गिफ्ट कर दो।' प्रणित की बात सुनकर गौरव हंसते हुए कहते हैं, 'वह मुझे ही अभी तक नहीं मिली है।'