• Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. मिर्च-मसाला
  4. Forbes, Forbes rich list
Written By
Last Modified: शुक्रवार, 23 दिसंबर 2016 (20:45 IST)

फोर्ब्स के 100 धनवानों की सूची में सलमान ने शाहरुख को पछाड़ा

Forbes
हिंदी फिल्मों के सुपरस्टार सलमान खान ने फोर्ब्स इंडिया सेलिब्रिटी 100 की सूची में 2016 के सबसे ज्यादा कमाउ सेलिब्रिटी के तौर पर शाहरुख खान को पीछे छोड़कर पहले नंबर की जगह ले ली है। उनकी सालाना अनुमानित आय करीब 270.33 करोड़ रुपए है। सूची में अन्य बड़े नामों में विराट कोहली, अभिनेता अक्षय कुमार और एम एस धोनी शामिल हैं।
हालांकि शोहरत के मामले में 50 साल के सलमान खान दूसरे नंबर पर रह गये और इस मामले में क्रिकेटर कोहली अव्वल रहे। फोर्ब्स इंडिया द्वारा जारी पांचवी सबसे अमीर 100 सेलिब्रिटियों की सूची में वरीयता का आकलन दो मानदंडों पर किया गया है। इनमें अक्टूबर 2015 से सितंबर 2016 के बीच मनोरंजन आधारित आय और प्रसिद्धि का आकलन किया गया।
 
पत्रिका ने सलमान के पहले नंबर पर काबिज होने के लिए 2015 में उनकी ‘प्रेम रतन धन पायो’ और 2016 में ‘सुल्तान’ की बड़ी सफलता को वजह बताया। फोर्ब्स इंडिया के अनुसार सलमान की अनुमानित कुल आय शीर्ष 100 सेलिब्रिटियों की कुल दौलत का 9.84 प्रतिशत है।
 
इस मामले में दूसरे नंबर पर रहे शाहरुख ने 221.75 करोड़ रुपए की कमाई की है और प्रसिद्धि के मामले में तीसरा स्थान हासिल किया है। सालाना 203.03 करोड़ रुपए की आय और शोहरत के मामले में 11वें पायदान पर रहने के साथ अक्षय कुमार सूची में चौथे स्थान पर आ गये हैं। इसमें उनकी फिल्मों ‘एयरलिफ्ट’, ‘रस्तम’ और ‘हाउसफुल 3’ की सफलता का योगदान है और विज्ञापनों से अर्जित कमाई भी शामिल है।
 
महेंद्र सिंह धोनी की अनुमानित कमाई 122.48 करोड़ रुपए है और प्रसिद्धि के मामले में उनका चौथा स्थान है। दिसंबर 2014 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके धोनी इस साल अपने जीवन पर आई फिल्म की सफलता से अधिक मशहूर हुए। (भाषा)