सम्बंधित जानकारी
- 'कॉकटेल 2' के प्रमोशन इवेंट में बेकाबू हुई भीड़, रश्मिका मंदाना के लिए ढाल बनीं कृति सेनन, वीडियो वायरल
- आमिर खान प्रोडक्शंस के 25 साल पूरे, ऑस्कर से लेकर बॉक्स ऑफिस तक के शानदार सफर पर डालें एक नजर
- 'चंदू चैंपियन' के 2 साल: कैसे एक फिल्म ने बदल दी एक भूले-बिसरे हीरो मुरलीकांत पेटकर की किस्मत?
- 370 रुपये की बिरयानी विवाद: नौकरी जाने के बाद हिमांशु जांगड़ा ने तोड़ी चुप्पी, बोले- मनोरंजन के लिए बनाई थी झूठी कहानी
- सुशांत सिंह राजपूत को टीचर कहते थे इश्कबाज, स्कूल के पहले ही दिन मिली थी यह सजा
कैंसर से जंग लड़ रहीं दीपिका कक्कड़ ने बताया इम्यूनोथेरेपी का असर, शरीर में हुआ तेज दर्द और बुखार
टीवी जगत की मशहूर अभिनेत्री दीपिका कक्कड़ इन दिनों अपनी जिंदगी के सबसे कठिन दौर से गुजर रही हैं। साल 2025 में स्टेज 2 लीवर कैंसर का पता चलने के बाद से वे लगातार इस गंभीर बीमारी से बहादुरी से लड़ रही हैं। हाल ही में उनके लिवर में दो नए सिस्ट पाए गए थे, जिसके बाद डॉक्टरों ने उनकी 'डबल इम्यूनोथेरेपी' शुरू की है।
अपने ताजा यूट्यूब व्लॉग में दीपिका ने अपने पहले इम्यूनोथेरेपी सेशन के बाद सेहत पर पड़े असर और पारिवारिक संकट को लेकर भावुक अपडेट साझा किया है। दीपिका कक्कड़ ने जून के पहले हफ्ते में अपनी पहली इम्यूनोथेरेपी करवाई थी। यह थेरेपी आईवी इन्फ्यूजन के जरिए दी जा रही है।
दीपिका ने बताया कि थेरेपी के बाद उन्हें गंभीर पीठ दर्द और हल्का बुखार महसूस हुआ। इसके साथ ही शरीर में भारी दवाइयों के जाने की वजह से काफी कमजोरी और थकान भी रही। दीपिका ने अपने फैंस को आश्वस्त करते हुए कहा, इम्यूनोथेरेपी के सीधे तौर पर कोई बड़े साइड इफेक्ट्स अभी नहीं हैं। जब शरीर में इतनी भारी दवाएं जाती हैं, तो सुस्ती आना आम है। मेरी रिपोर्ट्स बिल्कुल नॉर्मल आई हैं, इसलिए यह दर्द और बुखार किसी बीमारी के कारण नहीं, बल्कि थेरेपी के प्रति शरीर के रिस्पॉन्स की वजह से है।
क्या होती है इम्यूनोथेरेपी और आगे क्या है प्लान?
कैंसर के इलाज में इम्यूनोथेरेपी एक आधुनिक और प्रभावी तरीका है। परंपरागत कीमोथेरेपी जहां सीधे तौर पर कैंसर कोशिकाओं को मारती है, वहीं इम्यूनोथेरेपी मरीज के शरीर की अपनी रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करती है ताकि वह खुद कैंसर सेल्स को पहचान कर उन्हें नष्ट कर सके। दीपिका का इलाज कोकिलाबेन और एचएन रिलायंस अस्पताल के विशेषज्ञों की देखरेख में चल रहा है।
दीपिका के पति और अभिनेता शोएब इब्राहिम ने बताया कि दीपिका का अगला इम्यूनोथेरेपी सेशन 2 जुलाई को होना तय हुआ है। इससे ठीक पहले उनके कुछ जरूरी ब्लड टेस्ट्स और 'ट्यूमर मार्कर्स' की जांच की जाएगी। इन टेस्ट्स से डॉक्टरों को यह सटीक जानकारी मिलेगी कि पहले इम्यूनोथेरेपी सेशन ने दीपिका की बॉडी पर कितना असर दिखाया है और कैंसर कोशिकाएं कितनी नियंत्रित हुई हैं।
दीपिका के कैंसर के साथ-साथ इब्राहिम परिवार पर एक और बड़ा संकट टूट पड़ा है। मई के आखिरी हफ्ते में शोएब इब्राहिम के पिता को अचानक ब्रेन हैमरेज के कारण अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। इस दोहरे संकट ने पूरे परिवार को मानसिक और शारीरिक रूप से थका दिया है।
दीपिका ने व्लॉग में बेहद भावुक होते हुए कहा कि यह समय उनके पति शोएब के लिए सबसे ज्यादा कठिन है। दीपिका ने कहा, शोएब इस वक्त अपनी जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। मेरी पहली थेरेपी के वक्त भी वे मेरे साथ खड़े रहना चाहते थे। मैं हमेशा पापा के बीमार होने पर अस्पताल में उनके साथ रहती थी, लेकिन इस बार अपनी सेहत के कारण मैं वहां नहीं जा पा रही हूं। हमें अपने छोटे बेटे रुहान को भी समय देना पड़ रहा है। आप सब शोएब को सपोर्ट करें, उन्हें इस वक्त दुआओं की सबसे ज्यादा जरूरत है।
बता दें कि पिछले साल कैंसर का पता चलने के बाद दीपिका की एक बड़ी सर्जरी हुई थी, जिसमें उनके लिवर का करीब 22 प्रतिशत हिस्सा काटकर निकाला गया था। इसके बाद से ही दीपिका अपने यूट्यूब चैनल 'दीपिका की दुनिया' पर अपनी कीमोथेरेपी, खान-पान में बदलाव और अपने भावनात्मक उतार-चढ़ाव को फैंस के साथ साझा करती आ रही हैं।
