रविवार, 13 अक्टूबर 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. आलेख
  4. यादों में बसे हुए हैं संजीव कुमार
Written By समय ताम्रकर

यादों में बसे हुए हैं संजीव कुमार

Sanjeev Kumar | यादों में बसे हुए हैं संजीव कुमार
ND
‘शोले’ का ठाकुर, ‘अंगूर’ का डबल रोल, ‘कोशिश’ का गूँगा-बहरा व्यक्ति, ‘नया दिन नई रात’ के नौ रोल और ‘संघर्ष’ में दिलीप कुमार को टक्कर देने वाली भूमिका निभाने वाले संजीव कुमार लोगों की यादों में अभी भी ताजा हैं।

24 वर्ष हो गए हैं संजीव को इस दुनिया से विदा लिए हुए, लेकिन प्रशंसकों के जेहन में वे अभी भी बसे हुए हैं। संजीव कुमार बहुत बड़े स्टार नहीं थे, लेकिन कलाकार के रूप में उनकी प्रतिभा पर किसी को शक नहीं था। अपने पीछे वे ढेर सारी ऐसी फिल्में छोड़ गए, जिन्हें देख लोग उन्हें याद करते हैं।

9 जुलाई 1938 को जन्मे संजीव कुमार का वास्तविक नाम था हरिहर जरीवाला। अभिनय का शौक उन्हें फिल्मों में खींच लाया, लेकिन उनका सफर आसान नहीं था। ‘हम हिन्दुस्तानी’ में उन्हें दो मिनट की छोटी-सी भूमिका निभाने को मिली।

जब उन्हें पता चला कि राजश्री फिल्म्स वाले ‘आरती’ नामक फिल्म के लिए हीरो तलाश रहे हैं तो वे भी ऑडिशन देने जा पहुँचे और चुन लिए गए। इसके बाद उन्हें कई बी-ग्रेड फिल्में मिली। इन महत्वहीन फिल्मों के बावजूद अपने अभिनय के जरिये उन्होंने सबका ध्यान आकर्षित किया।

1968 में प्रदर्शित ‘संघर्ष’ में उनका रोल छोटा था। इस फिल्म में महान अभिनेता दिलीप कुमार भी थे, लेकिन प्रशंसा संजीव कुमार बटोर ले गए। कहते हैं कि संजीव कुमार की अदाकारी को देख दिलीप कुमार भी घबरा गए थे।

संजीव कुमार ने सभी तरह की फिल्में कीं। कई बी ग्रेड फिल्मों में वे तब भी नजर आएँ जब वे अपने आपको बॉलीवुड में स्थापित कर चुके थे। संजीव कुमार का मानना था कि मजबूत भूमिका में तो कम प्रतिभाशाली कलाकार भी अपना रंग जमा लेता है। असली कलाकार तो वो होता है जो महत्वहीन या कमजोर भूमिका को भी अपने अभिनय के बलबूते पर जानदार बना दे।

प्रयोग करने से यह महान अभिनेता कभी नहीं घबराया। संजीव कुमार जब युवा थे, तब उन्होंने फिल्मों में वृद्ध व्यक्ति की भूमिका कई बार अभिनीत की। जया भादुड़ी के वे पिता, ससुर और प्रेमी भी बने। हास्य, रोमांस, एक्शन, नायक, खलनायक, हर तरह की भूमिका में उन्होंने अपनी छाप छोड़ी। गुलजार और संजीव कुमार की जोड़ी ने कोशिश, आँधी, मौसम, अंगूर, नमकीन जैसी यादगार फिल्में दीं।

संजीव कुमार के दौर में राजेश खन्ना, अमिताभ बच्चन, धर्मेन्द्र, शम्मी कपूर, दिलीप कुमार जैसे अभिनेता छाए हुए थे, लेकिन अपने सशक्त अभिनय से उन्होंने अपना स्थान बनाया।

प्रेम के मामले में संजीव कुमार दुर्भाग्यशाली रहे और ताउम्र अविवाहित रहे। मात्र 47 वर्ष की आयु में 6 नवंबर 1985 को वे इस दुनिया को अलविदा कह गए।