माही की मैरिड लाइफ!
धोनी: कैसा रहेगा वैवाहिक जीवन
-
भारती पंडित क्रिकेट के छोटे नवाब धोनी को आखिर पसंद का जीवनसाथी मिल ही गया। उसने कर ही ली चट मँगनी और पट शादी। मगर गृहस्थी में सब कुछ ठीक-ठाक रहेगा यानि क्रिकेट के मैदान की ही तरह धोनी यहाँ भी कामयाबी के झंडे गाड़ेंगे या होगी कोई मुश्किल, आइए जानते हैं :- महेंद्र सिंह धोनी 7 जुलाई 1981 को जन्मे हैं। सूर्य कुंडली के अनुसार कर्क लग्न और सिंह राशि है। सूर्य और चन्द्र का यह कॉम्बिनेशन स्वभाव को दुविधा वाला बना देता है। यानि पल में तोला और पल में माशा। यूँ तो कर्क लग्न के लोग परिवार से काफी अटैच्ड होते हैं और पत्नी का ख्याल भी रखते हैं मगर मूड स्विंग्स की समस्या बनी रहती है। जिसके चलते साथी इनको समझने में काफी देर लगाते हैं। भावुक भी गजब के होते हैं। तो कब किस बात का बुरा लग जाए, पता ही नहीं चलता। सिंह राशि है, यानि पत्नी को अपने अनुसार चलाने की इच्छा भी रखेंगे और इसके कारण छोटी-मोटी खटपट होती रहेगी। हालाँकि गुरु की पंचम दृष्टि सप्तम पर है जो स्थिति को सदा नियंत्रण में ही रखेगी। धोनी की कुंडली में सप्तम भाव राहू-केतु और शुक्र के प्रभाव में है।
शुक्र के प्रभाव से पत्नी से खूब प्रेम बना रहेगा मगर केतु का प्रभाव संबंधों में किसी भी वजह से दूरी का कारण बन सकता है। राहू के कारण पत्नी के मामले में लापरवाही मतभेद का एक कारण हो सकती है। अतः विवाह के प्रारंभिक दिनों में धोनी को पत्नी का खूब ख्याल रखना चाहिए। प्रेम की अभिव्यक्ति भी जरूरी है। धोनी का विवाह राहू की महादशा में शनि की अन्तर्दशा में हुआ है और राहू-शनि दोनों ही सप्तम से संबंध बनाए हुए है। कर्क लग्न और सिंह राशि दोनों के ही लिए शनि शुभ नहीं होता, अतः शांति, स्नेह और समझदारी से ही आगे बढ़ना होगा। कम से कम 2012 तक। कुल मिलकर धोनी को अपने वैवाहिक जीवन को संतुलित और मीठा रखने के लिए काफी प्रयास करना होगा। ज्योतिषीय उपायों की बात करें तो धोनी को शनि-राहू का दान करते रहना चाहिए। मंगल पूजा तो हो ही गई है। लाल वस्त्र से परहेज रखें। मछलियों और काले कुत्ते को नियमित भोजन दे। अपाहिज-कोढ़ी को भोजन व वस्त्र दान दें।