अपरा मेहता के ‘बदसूरत’ कहने वाले दावे पर दर्शन जरीवाला का पलटवार, बोले- ‘ये फॉल्स मेमोरी है’
टीवी और हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता दर्शन जरीवाला और अभिनेत्री अपरा मेहता की निजी जिंदगी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। करीब 23 वर्षों से एक-दूसरे से अलग रह रहे इस मशहूर जोड़े ने कभी आधिकारिक रूप से तलाक नहीं लिया। हाल ही में दोनों कलाकारों के बयानों ने इस पुराने रिश्ते की परतों को एक बार फिर से खोल दिया है।
हाल ही में एक इंटरव्यू में 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' फेम अपरा मेहता ने अपने अलगाव के दिनों को याद करते हुए एक चौंकाने वाला दावा किया था। अपरा के अनुसार, साल 2003 में अलगाव के दौरान दर्शन ने उनसे कहा था कि वे अब उनसे प्यार नहीं करते और उन्हें 'बदसूरत' तक कह दिया था। इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर काफी बहस छिड़ गई थी।
हालांकि, अब दर्शन जरीवाला ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। सिद्धार्थ कन्नन के पॉडकास्ट में बातचीत करते हुए दर्शन जरीवाला ने अपरा के दावों को पूरी तरह से गलत करार दिया। दर्शन ने इसे एक न्यूरोलॉजिकल परिघटना बताते हुए कहा कि समय बीतने के साथ इंसान की यादें और घटनाओं को देखने का नजरिया बदल जाता है।
उन्होंने कहा, यदि मैं उदार होकर कहूं, तो यह 'फॉल्स मेमोरी' का मामला है। जैसा बताया जा रहा है, वैसा कुछ भी नहीं हुआ था। मैं ऐसा इंसान नहीं हूं जो किसी साधारण दिखने वाली महिला को भी बदसूरत कहे। यह बहुत ही अप्रासंगिक और घटिया टिप्पणी होगी।
दर्शन ने आगे कहा कि वे किसी इंसान की बाहरी खूबसूरती से ज्यादा उसके अंदरूनी स्वभाव को अहमियत देते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर अपरा 'विक्टिम कार्ड' खेलना चाहती हैं तो उनका स्वागत है, लेकिन वे खुद अपनी जिंदगी में काफी आगे बढ़ चुके हैं।
तलाक की अर्जी और संपत्ति छोड़ने का सच
अदालती कार्रवाई और लीगल अलगाव पर बात करते हुए दर्शन ने खुलासा किया कि अलगाव के बाद उन्होंने औपचारिक रूप से तलाक के दस्तावेज तैयार कर कोर्ट में जमा किए थे। लेकिन ऐन मौके पर अपरा ने जज के सामने अपनी सहमति देने से इनकार कर दिया, जिसके चलते जज ने अर्जी खारिज कर दी।
दर्शन के मुताबिक, वे अपनी शादीशुदा जिंदगी से केवल एक बैग लेकर बाहर निकले थे और सांताक्रूज स्थित अपना पूरा घर अपरा और अपनी बेटी खुशाली जरीवाला के नाम कर दिया था। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, अगर उस वक्त किसी को एलिमनी मांगनी चाहिए थी, तो वह मैं था क्योंकि मेरी परिस्थितियां वैसी थीं, लेकिन मैंने ऐसा कुछ नहीं किया।
अपरा मेहता ने सुनाया था उस सुबह का वाकया
दूसरी तरफ, अपरा मेहता ने 'हौटरफ्लाई' के साथ इंटरव्यू में उस दिन का संस्मरण साझा करते हुए कहा था कि शादी की सालगिरह के दिन दर्शन ने चाय की चुस्की लेते हुए उनसे अलगाव की बात कही थी। अपरा के मुताबिक, उस वक्त वे अमेरिका से लौटकर सीधे शूटिंग पर गई थीं और थकान के कारण उस समय दर्शन की बात की गंभीरता को समझ नहीं पाई थीं। बाद में दोपहर में शूटिंग के दौरान जब उन्हें होश आया, तब उन्हें अहसास हुआ कि दर्शन ने क्या कहा था।
1982 में हुई थी शादी, 2003 से रह रहे अलग
दर्शन जरीवाला और अपरा मेहता ने साल 1982 में शादी की थी और दोनों की एक बेटी खुशाली जरीवाला है। साल 2003 में दोनों ने आपसी सहमति से अलग रहने का फैसला किया। कानूनी रूप से तलाक न होने के बावजूद अपरा ने कई मौकों पर कहा है कि उनके बीच एक सौहार्दपूर्ण रिश्ता है और उनके घर के दरवाजे दर्शन के लिए हमेशा खुले रहते हैं। वहीं, दर्शन साल 2010 से इंटीरियर डिजाइनर अनाहिता इटालिया के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे हैं।

