शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. अन्य खेल
  4. »
  5. समाचार
Written By वार्ता

भूपति और सानिया ने रचा इतिहास

भूपति और सानिया ने रचा इतिहास -
महेश भूपति और सानिया मिर्जा की भारतीय जोड़ी ने यहाँ ऑस्ट्रेलियन ओपन के मिश्रित युगल का खिताब जीत इतिहास रच दिया।

भूपति और सानिया की जोड़ी का यह पहला मिश्रित युगल ग्रैंड स्लैम खिताब है। भारतीय जोड़ी ने इसराइल के एंडी रैम और फ्रांस की नताली डेची की जोडी को आसानी से लगातार सेटों में 6-3, 6-1 से हराकर यह उपलब्धि हासिल कर ली।

ND
गैर वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी को इस खिताबी मुकाबले को जीतने में ज्यादा पसीना नहीं बहाना पड़ा और उन्होंने इसे महज 55 मिनट में जीत लिया।

भूपति और सानिया ने मैच के शुरुआत से ही आक्रामक रूख अपनाया। भारतीय जोड़ी ने रैम और डेची की एक नहीं चलने दी। भारतीय जोड़ी के तालमेल के सामने उनकी विपक्षी जोड़ी बेबस नजर आई।

भारतीय जोड़ी को पहला सेट जीतने में महज 28 मिनट का समय लगा। भूपति और सानिया ने पहले ही गेम में रैम और डेची की सर्विस तोडी। हालाँकि चौथे गेम में भारतीय जोडी की भी सर्विस टूटी और मुकाबला 2-2 की बराबरी पर आ गया, लेकिन इसके बाद भूपति और सानिया ने गजब की फुर्ती दिखाते हुए पहला सेट 6-3 से जीत लिया।

दूसरे सेट में तो भारतीय जोड़ी ने गजब का प्रदर्शन किया और इस सेट में उन्होंने रैम और डेची को हावी होने का कोई मौका ही नहीं दिया।

इस मैच में भारतीय जोडी की आक्रमकता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उन्होंने दूसरे सेट में अपनी विपक्षी जोड़ी को केवल एक गेम ही जीतने का मौका दिया। इस सेट में भारतीय जोड़ी ने चौथे गेम में रैम और डेची की सर्विस तोडी और 5-1 की बढ़त हासिल कर ली। सानिया ने अंतिम गेम में तेज सर्विस की और रैम उसे कोर्ट के बाहर खेल गए। गेंद के बाहर गिरते ही भारतीय जोड़ी उछल पड़ी।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी भूपति और सानिया की जोड़ी ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में पहुँची थी लेकिन उस समय उन्हें उपविजेता बनकर ही संतोष करना पडा था। भूपति का यह सातवाँ मिश्रित युगल खिताब है जबकि सानिया का यह पहला ग्रैंड स्लैम खिताब है।

जीत के बाद भूपति ने कहा कि वाकई यह जीत शानदार रही और मैं अपनी जोड़ीदार सानिया को उनके पहले ग्रैंड स्लैम जीत पर बधाई देता हूँ।