• Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. अन्य खेल
  4. »
  5. समाचार
  6. एशियाई कुश्ती में 21 देश भाग लेंगे
Written By भाषा
Last Modified: नई दिल्ली , शनिवार, 8 मई 2010 (20:12 IST)

एशियाई कुश्ती में 21 देश भाग लेंगे

21 Countries to take part in Wrestling championship | एशियाई कुश्ती में 21 देश भाग लेंगे
इक्कीस देशों के चोटी के पहलवानों ने यहाँ इंदिरा गाँधी खेल परिसर में 12 से 16 मई तक होने वाली सीनियर एशियाई कुश्ती प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की पुष्टि कर दी है जो 2010 राष्ट्रमंडल खेलों की परीक्षण प्रतियोगिता होगी।

ओलिम्पिक कांस्य पदक विजेता सुशील कुमार भारतीय चुनौती की अगुआई करेंगे जबकि पाँच दिन चलने वाली प्रतियोगिता के अन्य आकर्षण गत चैम्पियन ईरान के लाशगरी अहसान (84 किग्रा) और बीजिंग ओलिम्पिक के रजत पदक विजेता ताजिकिस्तान के यूयुप अब्दुसालोमोव होंगे।

टूर्नामेंट फ्रीस्टाइल, ग्रीको रोमन और महिला वर्ग में खेला जाएगा।

चीन, कोरिया, ईरान, जापान, मंगोलिया, कजाखस्तान, पाकिस्तान, सिंगापुर और उज्बेकिस्तान सहित अन्य देशों के 257 पहलवान प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।

सुशील (66 किग्रा) के अलावा भारतीय टीम में रमेश कुमार (74), अनुज कुमार (84) , जोगिंदर सिंह (55), अनिल कुमार (96), धर्मेंद्र दलाल (120) और अलका तोमर (59, महिला) शामिल हैं।

प्रतियोगिता में बीजिंग ओलिम्पिक के कांस्य पदक विजेता मुतालिमोव मारिद (120), एशियाई कांस्य पदक विजेता मंगोलिया के ओरचिरबात बुर्मा (72) और पिछले साल के विश्व चैम्पियनशिप के उपविजेता कोरिया के हान कुम ओक (51) भी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।

भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष जीएस मंडेर ने भरोसा जताया कि भारतीय पहलवान प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन करेंगे।(भाषा)