• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. प्रादेशिक
Written By वार्ता

देश की सबसे लंबी जल सुरंग

बरगी परियोजना जल सुरंग
बरगी परियोजना की दाईं तट नहर को निकालने के लिए एक ऐसी जल सुरंग का निर्माण होने जा रहा है, जो देश की सबसे लम्बी जल सुरंग होगी। स्लीमनाबाद के पास प्रस्तावित इस जल सुरंग की लम्बाई 12 किलोमीटर होगी।

दाईं तट नहर के लिए पहाड़ों में खोदी जाने वाली सुरंगों में एक सुरंग का निर्माण कुंडम रोड में पूरा हो चुका है। इस सुरंग की लम्बाई भी एक किलोमीटर है।

बरगी बाँध की दाईं तट नहर प्रदेश की बड़ी नहरों में एक होगी। यह सतना तक जाएगी, जिसकी लम्बाई 194 किलोमीटर है। दाईं तट नहर के निर्माण में सबसे महत्वपूर्ण सुरंगों का बनना है। देश-प्रदेश की कई नहरों में पहाड़ों में से जल सुरंग निकाली जा चुकी हैं लेकिन दाईं तट नहर में प्रस्तावित 12 किलोमीटर लम्बी सुरंग देश में सबसे बड़ी जल सुरंग होगी।

इस नहर के निर्माण पर करीब 600 करोड़ रुपए की लागत आएगी। नहर का व्यास 10 मीटर होगा तथा इसके निर्माण में चार साल लगेंगे। नहर के टेंडर जल्द निकलने वाले हैं, ऐसी संभावना है कि अगले वर्ष सुरंग को खोदने का काम भी शुरू हो जाएगा।

सुरंग में सबसे खास बात यह होगी कि इसके ऊपर से रेल लाइन भी रहेगी। इससे पहले कुंडम रोड स्थित पिपरिया के पहाड़ों में एक किलोमीटर लम्बी सुरंग का निर्माण पूरा कर लिया गया है। इस जल सुरंग को खोदने से लेकर बनाने तक में तीन साल का समय लगा है।

12 मीटर व्यास वाली इस सुरंग को रेल पातों से बाँधा गया है। इसका निर्माण पुणे की सातव कन्स्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी द्वारा किया गया है। इस जल सुरंग के निर्माण में 35 करोड़ रुपए का खर्च आया है। सुरंगों के अंदर फ्लड लाइट भी लगाई जाएगी। इसके निर्माण में जिस तकनीक का प्रयोग किया जाएगा वह इस तरह की अन्य परियोजनाओं के लिए आदर्श होगी।

दाईं तट नहर कुंडम रोड पर बनाई गई सुरंग को खोदने एवं बनाने में कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा। पहाड़ की मिट्टी धसकने वाली रही बावजूद इसके अच्छा निर्माण कर लिया गया है।