मंगलवार, 11 फ़रवरी 2025
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. बीजिंग ओलिम्पिक-2008
  4. »
  5. समाचार
Written By भाषा

एक टक्कर से बदनाम हो गई जोला

एक टक्कर से बदनाम हो गई जोला -
नई दिल्ली। दक्षिण अफ्रीका की जोला बड 1984 लॉस एंजिल्स ओलिम्पिक में पदक जीतने के करीब पहुँचने से नहीं, बल्कि 3 हजार मीटर स्पर्धा में अपनी आदर्श एथलीट और अमेरिका की मैरी डेकर से हुई विवादित टक्कर के कारण सुर्खियों में आई थीं।

अपने करियर में हमेशा नंगे पैर दौड़ने वाली जोला ने ओलिम्पिक में 3000 मीटर में शानदार प्रदर्शन करने से पहले इसी वर्ष 5000 मीटर में डेकर के विश्व रिकॉर्ड को तोड़ा था, लेकिन लॉस एंजिल्स में ट्रैक ने उनकी छवि धूमिल कर दी।

ओलिम्पिक की 3000 मीटर फाइनल दौड़ में जोला और मैरी जीत के लिए आगे बढ़ रही थीं और तब तीन से ज्यादा लैप बचे थे, लेकिन अंदर की लेन में मैरी का दायाँ पैर जोला के बाएँ पैर से उलझ गया। मैरी गिर गई और खुद पर नियंत्रण रखने के लिए उनका हाथ जोला की पीठ पर लगे 151 नंबर पर गया और यह उखड़ने से वह भी गिर गई

मैरी ने उठने की कोशिश की लेकिन कूल्हे की चोट के कारण वह उठ नहीं सकी और रोने लगी। वहीं जोला के टखने में खून निकल रहा था और वह भी रो रही थी लेकिन वह फिर भी दौड़ती रही। इस टक्कर और दर्शकों की हूटिंग ने जोला को काफी प्रभावित किया और रोमानिया की मारिसिका पुइका ने स्वर्ण पदक जीता जबकि जोला फाइनल लैप में पिछड़ कर सातवें स्थान पर रही।

दक्षिण अफ्रीका पर रंगभेद के कारण उस समय प्रतिबंध लगा था लेकिन जोला के दादा ब्रिटिश थे, जिससे उसे वहाँ की नागरिकता मिल गयी और वह ब्रिटेन की टीम में भी शामिल हो गयी। जोला ने ओलिम्पिक से पहले जुलाई 1984 में क्रिस्टल पैलेस में 2000 मीटर की रेस में हिस्सा लिया और पाँच मिनट 33.15 सेकंड के समय से रिकॉर्ड बनाया। अपनी प्रतिभा के बूते उन्होंने सबको आश्चर्यचकित कर दिया।

इस रेस की कमेंट्री कर रहे बीबीसी के डेविड कोलमेन ने कहा था अब विश्व में संदेश जाएगा कि जोला कोई मिथक नहीं है। ओलिम्पिक में शिरकत करने से पहले 17 वर्षीय जोला ने 1984 में दक्षिण अफ्रीका में हुई चैम्पियनशिप की 5000 मीटर स्पर्धा में 15 मिनट 1.83 सेकंड से रिकॉर्ड बनाया था, लेकिन विश्व की ट्रैक एंड फील्ड संस्था ने इस रिकॉर्ड को मान्यता देने से इनकार कर दिया, लेकिन बाद में उन्होंने 1985 में ब्रिटेन की तरफ से 14 मिनट 48.07 सेकंड के समय से रिकॉर्ड बनाया।

दौड़ के बाद मैरी ने जोला को टक्कर का दोषी ठहराया लेकिन बाद में उन्होंने बयान दिया कि यह सिर्फ एक दुर्घटना थी। अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक संघों के महासंघ (आईएएएफ) ने भी माना था कि जोला इस हादसे के लिए जिम्मेदार नहीं थी।

जोला ने 1985 और 1986 में क्रॉस कंट्री चैम्पियनशिप में जीत दर्ज की, लेकिन उसने दक्षिण कोरिया के सोल में हुए 1988 ओलिम्पिक खेलों से नाम वापस ले लिया क्योंकि उन्हें दक्षिण अफ्रीका में ट्रैक स्पर्धा में हिस्सा लेने पर प्रतिबंध लगाने की धमकी दी ई थी।

वहीं स्पेन के बार्सिलोना में हुए 1992 ओलिम्पिक में जोला ने दक्षिण अफ्रीका की तरफ से हिस्सा लिया क्योंकि अब वह माइक पीटर्स से शादी कर चुकी थीं, लेकिन वह क्वालीफाइंग हीट में बाहर हो गई। इस समय हालाँकि वह 3000 मीटर में विश्व की दूसरी सबसे तेज धावक थीं। (भाषा)