Last Modified: ठाणे ,
शुक्रवार, 17 अप्रैल 2009 (14:03 IST)
राज ठाकरे फिर गरजे
यूपी, बिहार का सांसद बोलने की हिम्मत नहीं करेगा
कल्याण और शहापुर में महाराष्ट्र नव निर्माण सेना के प्रमुख ने फिर आग उगली। प्रत्याशियों के लिए आयोजित सभा में उन्होंने कहा कि यदि हमारी पार्टी का एक भी सांसद जीतकर संसद में गया तो यूपी व बिहार का कोई सांसद महाराष्ट्र के खिलाफ बोलने की हिम्मत नहीं करेगा।
मनसे के प्रत्याशी देवीदास महात्रे को जिताने की अपील करते हुए राज ने कहा कि हमारे सांसद जिस दिन संसद में गए उस दिन के बाद उनका जलवा देखिए।
महाराष्ट्र के खिलाफ बोलने वालों की खैर नहीं होगी। ठाकरे एक बार फिर से पुराने तेवर में नजर आए और कहा कि मराठी अस्मिता के लिए वे कभी पीछे नहीं हटेंगे।
राज ने कहा कि 2001 की जनगणना में ठाणे जिले में 26 लाख पर प्रांतीय थे और 2009 में इनकी संख्या कितनी हो गई होगी, मैं नहीं जानता। लेकिन, इन्हीं पर प्रांतियों के कारण ही मुंबई और ठाणे में कई विधानसभा और लोकसभा तैयार हो गई है।
मायावती पर कटाक्ष करते हुए राज ने कहा कि दलितों की मसीहा बताने वाली बहन मायावतीजी नागपुर में एसी में बैठकर भाषण दे रही थीं। जबकि, लोग धूप में घंटों उनका इंतजार करते रहे।
राष्ट्रवादी कांग्रेस के मुखिया शरद पवार के बारे में राज ठाकरे ने कहा कि चुनाव में पवार को मराठियों की याद आ रही है। जब मनसे ने मराठी माणुस के लिए आंदोलन किया था उस समय पवार साहब कहाँ थे। आज मराठी के नाम पर सभी के पेट में दर्द हो रहा है।
भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार महेश जेठमलानी का जिक्र करते हुए राज ने भाजपा शिवसेना पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि संसद पर हमला करने वाले अफजल गुरु की वकालत करने वाले जेठमलानी और उनके बेटे का समर्थन और दूसरी ओर कसाब के वकील के लिए विरोध जैसी शिवसेना की दोहरी भूमिका, इसे मैं क्या कहूँ?