• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव 2009
  4. »
  5. लोकसभा चुनाव
  6. पहला अधिकार मुसलमानों का नहीं-मोदी
Written By वार्ता

पहला अधिकार मुसलमानों का नहीं-मोदी

भाजपा
देश की सम्पति पर पहला अधिकार मुसलमानों का नहीं गरीबों का है। गरीब मुसलमान, हिन्दू या ईसाई भी हो सकता है।

यह बात भाजपा के स्टार प्रचारक और गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कही। वे शनिवार को राजस्थान में चुरू के बागला स्कूल मैदान में भाजपा प्रत्याशी रामसिंह कस्वाँ के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि दिल्ली की सरकार मात्र न्यूज एजेंसी का कार्य कर रही है। देश की सीमा में तालिबानी घुस आए थे, लेकिन सरकार ने कार्रवाई करने की न्यूज देकर ही कर्त्तव्य पूरा कर लिया।

मोदी ने कहा कि मुंबई में हुआ आतंकवादी हमला कांग्रेस की कमजोरी का परिचायक है। इस हमले में पाकिस्तान का हाथ होने के बावजूद गृहमंत्री पी. चिदबरम पाकिस्तान जाने के बजाय अमेरिका में जाकर ओबामा-ओबामा चिल्ला रहे हैं।

उन्होंने कहा कि देश की जनता को विकास के साथ-साथ सुरक्षा की भी जरूरत है और सुरक्षा लालकृष्ण आडवाणी ही दे सकते हैं, लिहाजा देश को भाजपा के हाथ मजबूत करना होंगे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस वोट बैंक की राजनीति में उलझी हुई है और कुर्सी की पूजा करती है। आज देश को कुर्सी भक्तों की नहीं, देश भक्तों की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि जिस तरह श्रीकृष्ण ने एक अँगुली पर गोवर्धन पर्वत को उठा लिया था और अपनी ताकत का अहसास कराया था वैसी ही ताकत आपकी अँगुली में है। आपकी अँगुली अगर कमल के फूल पर चल गई तो आडवाणी को प्रधानमंत्री बनाने में मदद मिल सकती है।

मोदी ने कहा कि आज महँगाई ने गरीबों का जीना दूभर कर दिया है। भाजपा शासनकाल के दौरान महँगाई पर अंकुश लगाया गया था, लेकिन आज महँगाई दस गुना बढ़ गई है, फिर भी कांग्रेस दोबारा सत्ता में आना चाहती है।