• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव 2009
  4. »
  5. लोकसभा चुनाव
  6. ''तालिबान से हाथ मिलाने वाली राजग सरकार पहली''
Written By भाषा
Last Modified: नई दिल्ली (भाषा) , शुक्रवार, 24 अप्रैल 2009 (22:19 IST)

'तालिबान से हाथ मिलाने वाली राजग सरकार पहली'

कंधार विमान अपहरण प्रकरण
कंधार विमान अपहरण प्रकरण के सिलसिले में भाजपा पर निशाना साधते हुए कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेतृत्व वाली भारत सरकार के रूप में दुनिया को तालिबान से हाथ मिलाने का पहला उदाहरण देखने को मिला।

कांग्रेस प्रवक्ता कपिल सिब्बल ने यहाँ संवाददाताओं से कहा विश्व में राजग सरकार के नेतृत्व वाली भारत सरकार ऐसी पहली सरकार रही जिसने तालिबान से हाथ मिलाया और कंधार जाकर आतंकवादियों को छोड़ा।

उन्होंने कहा मैं समझता हूँ कि पत्रकार डेनियल पर्ल और संसद पर हमले की जड़ें कंधार से जुड़ी हैं जिसे कंधार में छोड़े गए आतंकवादियों ने अंजाम दिया था। भाजपा इसके लिए भी जिम्मेदार है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कंधार प्रकरण पर जसवंत सिंह की सफाई बहुत देर से उठाया गया कदम है और यह आडवाणी को बचाने का प्रयास भर है। उन्होंने कहा जसवंत सिंह को यह बताने की जरूरत है कि चुनाव के दौरान लगभग 10 साल बाद उन्हें कंधार कांड पर स्पष्टीकरण देने के लिए किसका दवाब काम कर रहा था।

सिब्बल ने कहा जैसे आडवाणी काले धन के मामले पर 11 साल तक चुप रहे उसी प्रकार जसवंत सिंह 11 साल तक कंधार प्रकरण पर मौन रहने के बाद प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार की छवि को सुधारने के लिए बयान दे रहे हैं।

सिब्बल ने कहा जसवंत सिंह ने देश की जनता को गुमराह किया है। स्ट्रोव टेलबोट ने अपनी किताब एन्गेजिंग इंडिया में लिखा है कि वाजपेयी के नेतृत्व वाली राजग सीटीबीटी पर हस्ताक्षर करने को तैयार थी हालाँकि भाजपा ने अब भारत अमेरिकी असैनिक परमाणु करार पर गंभीर आपत्तियाँ उठायीं।