बुधवार, 30 अप्रैल 2025
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. समाचार
Written By WD

वनडे में दुनिया के टॉप टेन स्कोर

भारत ने अपना दूसरा उच्चतम स्कोर खड़ा किया

वनडे क्रिकेट
-सीमान्त सुवीर

राजकोट के माधवराव सिंधिया स्टेडियम में शुक्रवार को भारतीय बल्लेबाजों के बल्लों से रनों का झरना बह रहा था और स्कोर 380 के पार पहुँच रहा था, तब रिकॉर्ड्‍स में दिलचस्पी रखने वाले जिज्ञासु यह जानने की जुगत में थे कि कहीं भारत आज विश्व कीर्तिमान तो स्थापित नहीं करने जा रहा है? आखिर क्या है कीर्तिमान और यह किसके नाम दर्ज है?

होता यह है कि आज की भागम-भाग में आप इतने तनावग्रस्त हो जाते हैं कि याददाश्त पर बहुत जोर डालने के बाद भी निश्चित परिणाम तक नहीं पहुँच पाते। कई लोग ये भी भूल जाते हैं कि भारत ने आखिरी बार किस देश के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर बनाया था?

आइए राजकोट में भारत के 50 ओवर में 387 रन के शानदार स्कोर के साथ-साथ वनडे के रिकॉर्ड्‍स के बारे में अपडेट हो जाया जाए। यह बात जेहन में जरूर रखी जाए ‍कि राजकोट में भारत ने अपना दूसरा उच्चतम वनडे स्कोर (387 रन) बनाया है।

एकदिवसीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का कीर्तिमान आज भी श्रीलंका के नाम दर्ज है। श्रीलंका ने 4 जुलाई 2006 को एम्सटलवीन में हॉलैंड के खिलाफ 50 ओवर में 443 रन का रिकॉर्ड स्कोर बनाया था, जिसे आज तक नहीं तोड़ा जा सका है।

वनडे के दूसरे उच्चतम स्कोर पर दक्षिण अफ्रीका आसीन है। सबसे रोचक तथ्य तो यह भी है कि दक्षिण अफ्रीका ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 49.5 ओवर में 437 रन बनाकर दु‍‍निया की नंबर एक टीम ऑस्ट्रेलिया को हराकर पूरी क्रिकेट दुनिया को हैरत में डाल दिया था।

जोहानसबर्ग के वांडरर्स मैदान पर यह 'वंडर' 12 मार्च 2006 को तब हुआ था, जब ऑस्ट्रेलिया ने 434 रनों का हैरतअंगेज स्कोर खड़ा किया था। 434 रन का स्कोर दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है, जो अभी भी अजेय बना हुआ है।

दक्षिण अफ्रीकी शेर भी कमाल की बल्लेबाजी करते हैं। उन्होंने एक बार फिर वनडे में स्कोर को 400 के पार पहुँचाया। यह वाकया 20 सितम्बर 2006 को पोर्शस्ट्रोम में देखने को मिला जब अफ्रीका ने जिम्बॉब्वे के खिलाफ 50 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 418 रन बनाए और वह चौथा सबसे बड़ा स्कोर खड़ा करने वाला देश बन गया।

400 रनों के अंबार से पार पहुँचने वालों में भारत भी शुमार है और इसी बदौलत वह दुनिया के टॉप टेन स्कोर खड़ा करने वाले देशों की सूची में पाँचवें नंबर पर है। भारत ने 2007 के विश्वकप क्रिकेट टूर्नामेंट में 19 मार्च को बरमुडा के खिलाफ 5 विकेट पर 413 रन बनाए थे।

न्यूजीलैंड ऐसा छठा देश बना हुआ है, जिसने 400 से ज्यादा रन बनाकर अपने को छठे क्रम पर रखा हुआ है। न्यूजीलैंड ने ऑयरलैंड एवरडीन एसो. के खिलाफ त्रिकोणीय सिरीज में 1 जुलाई 2008 को 50 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 402 रन बनाए थे।

श्रीलंका सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में शीर्ष पर तो है ही साथ ही उसने सातवाँ सबसे बड़ा स्कोर खड़ा करने वाले देशों की कतार में भी खुद को खड़ा रखा है। 1996 के विश्वकप में श्रीलंका ने 6 मार्च को केन्या के खिलाफ कैंडी में 50 ओवरों में 395 रन बनाए थे।

टॉप टेन स्कोर में न्यूजीलैंड ने आठवाँ स्थान पिछले तीन सालों से कायम रखा है। न्यूजीलैंड ने 24 अगस्त 2005 में (बुलावायो) वीडियोकॉन त्रिकोणीय सिरीज में जिम्बॉब्वे के खिलाफ 44 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 397 रन एकत्र किए थे।

उच्चतम स्कोर के मामले में दक्षिण अफ्रीका ने तीसरे चौथनंबर के साथ-साथ नौंवा स्थान भी अपने पास रखा हुआ है। 4 फरवरी 2007 को दक्षिण अफ्रीका ने सेंचुरियन में खेले गए एक दिवसीय मैच में पाकिस्तान के खिलाफ 50 ओवर में 392 रन बनाए थे।

शीर्ष 10 बड़े स्कोर में इंग्लैंड का नंबर अंतिम पायदान पर है। इंग्लैंड ने नेटवेस्ट श्रृंखला में 21 जून 2005 को बांग्लादेश के खिलाफ 4 विकेट के नुकसान पर 391 रन बनाए थे।