1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. hanuman ansh box office collection day 24 12 75 crore total collection roi profit toxic awarapan 2

टॉक्सिक और आवारापन 2 के बीच 'हनुमान अंश' का जलवा, 24वें दिन छप्परफाड़ कमाई

Hanuman Ansh Box Office Collection
भारतीय सिनेमा में अगर किसी फिल्म का कंटेंट और भावनाएं दर्शकों के दिल को छू जाएं, तो फिर कोई बड़ा स्टार कास्ट, विशाल बजट या हैवी प्रोडक्शन वैल्यू मायने नहीं रखती। विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी और शोभिनव सत्या स्टारर फिल्म 'हनुमान अंश' ने यही बात साबित कर दिखाई है। 
 
रिलीज के शुरुआती दो हफ्तों में जिसे ट्रेड पंडितों और सिनेमाघरों द्वारा सुस्त मान लिया गया था, उस कम बजट की फिल्म ने तीसरे हफ्ते के बाद बॉक्स ऑफिस पर ऐसा चमत्कार दिखाया है कि अब यह थमने का नाम नहीं ले रही है। 
यश की ब्लॉकबस्टर एक्शन फिल्म 'टॉक्सिक' और 'आवारापन 2' जैसी बड़ी-बड़ी स्टार-स्टडेड फिल्मों के बीच 'हनुमान अंश' धुआंधार कमाई कर रही है। रिलीज के 24वें दिन तो इस आध्यात्मिक ड्रामा ने बॉक्स ऑफिस पर छप्परफाड़ कमाई करते हुए ऐतिहासिक आंकड़े दर्ज कराए हैं।  
 
चौथे संडे को डबल डिजिट में बंपर कमाई
सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, 'हनुमान अंश' ने अपनी रिलीज के 24वें दिन यानी चौथे रविवार को अब तक की सबसे बड़ी छलांग लगाई। शनिवार को जहां फिल्म ने 9.25 करोड़ का नेट बिजनेस किया था, वहीं रविवार को 37.8% का तगड़ा उछाल दर्ज करते हुए फिल्म ने सीधे 12.75 करोड़ का नेट कलेक्शन कर डाला।  
 
पहले दिन महज 10 लाख रुपये से शुरुआत करने वाली इस फिल्म का चौथे वीकेंड में डबल डिजिट में कमाई करना पूरे सिनेमा जगत के लिए किसी करिश्मे से कम नहीं है। 'हनुमान अंश' का भारत में कुल नेट कलेक्शन 40.13 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। वहीं फिल्म का कुल ग्रॉस बिजनेस 47.33 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार कर चुका है। अब यह फिल्म बहुत जल्द घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 50 करोड़ रुपये की प्रतिष्ठित क्लब में शामिल होने की ओर तेजी से बढ़ रही है।  
 
चौथे रविवार को फिल्म की थिएटर ऑक्यूपेंसी 64.14% रही, जो यश की एक्शन थ्रिलर 'टॉक्सिक' से भी बेहतर मानी जा रही है। जहां कई बड़ी फिल्मों की कमाई में रविवार को गिरावट देखी गई, वहीं 'हनुमान अंश' में 37.8% की जोरदार बढ़त देखने को मिली।
 
महज 2 से 3 करोड़ के मामूली प्रोडक्शन बजट में तैयार हुई इस फिल्म ने 24 दिनों के भीतर 38.13 करोड़ का शुद्ध लाभ अर्जित कर लिया है। अगर इसे प्रतिशत में देखें, तो फिल्म का रिटर्न ऑन इन्वेस्टमेंट (ROI) 1906.50% बैठता है। इस आंकड़े के साथ 'हनुमान अंश' ने 'धुरंधर 2' (427.25% प्रॉफिट) और 'आवारापन 2' (242.08% प्रॉफिट) जैसी बड़ी बजट और चर्चित फिल्मों के मुनाफे को मीलों पीछे छोड़ दिया है।
 
डॉक्टर से फिल्ममेकर बने विशाल चतुर्वेदी द्वारा निर्देशित 'हनुमान अंश' महान आध्यात्मिक गुरु नीम करौली बाबा के जीवन से प्रेरित है। फिल्म में उनके शुरुआती दिनों (जब वे लक्ष्मण दास के नाम से जाने जाते थे) से लेकर नीम करौली बाबा के रूप में दुनिया के सबसे प्रभावशाली संतों में से एक बनने की आध्यात्मिक यात्रा को खूबसूरती से दर्शाया गया है।  
 
फिल्म में मुख्य भूमिका शोभिनव सत्या ने निभाई है, जिन्होंने नीम करौली बाबा के किरदार में जान फूंक दी है। बतौर मुख्य अभिनेता यह शोभिनव सत्या की पहली फिल्म है। शोभिनव सत्या के साथ-साथ फिल्म में चंदन आनंद, उदयसिंह राजपूत, पूर्णिमा तिवारी, निखिल दुबे और मनीष चौधरी जैसे कलाकारों की अदाकारी को भी दर्शकों की ओर से खूब सराहा जा रहा है। 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
'यमला पगला दीवाना फिर से' के 8 साल: कृति खरबंदा ने देओल परिवार की इस फ्रेंचाइजी में बनाई अपनी अलग पहचान