मंगलवार, 16 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. विश्व कप क्रिकेट 2015
  3. समाचार
  4. World cup 2015, ICC World cup cricket 2015, Australia became champion 5t time
Written By
Last Modified: रविवार, 29 मार्च 2015 (16:41 IST)

ऑस्ट्रेलिया 5वीं बार विश्व चैंपियन, न्यूजीलैंड का सपना टूटा

ऑस्ट्रेलिया 5वीं बार विश्व चैंपियन, न्यूजीलैंड का सपना टूटा - World cup 2015, ICC World cup cricket 2015, Australia became champion 5t time
मेलबर्न। बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों की त्रिमूर्ति की कहर बरपाती गेंदबाजी और अपना आखिरी वनडे खेल रहे कप्तान माइकल क्लार्क के दर्शनीय अर्द्धशतक से ऑस्ट्रेलिया ने रविवार को यहां न्यूजीलैंड को 101 गेंद शेष रहते हुए 3 विकेट से करारी शिकस्त देकर 5वीं बार आईसीसी क्रिकेट विश्व कप जीता।
मिशेल जॉनसन, जेम्स फाकनर और मिशेल स्टार्क ने न्यूजीलैंड की पारी की कमर तोड़कर उसकी पूरी टीम को 45 ओवरों में 183 रन पर ढेर कर दिया। विश्व कप 1983 में भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ फाइनल में इसी स्कोर का सफलतापूर्वक बचाव किया था लेकिन न्यूजीलैंड इतिहास नहीं दोहरा पाया।
 
ऑस्ट्रेलिया 33.1 ओवर में 3 विकेट पर 186 रन बनाकर अपनी सरजमीं पर चैंपियन बनने वाला दूसरा देश बना। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने 1987, 1999, 2003 और 2007 में विश्व कप जीता था।
 
क्लार्क ने इस तरह से एक चैंपियन के रूप में एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा। उन्होंने पहले ही घोषणा कर दी थी कि वे फाइनल के बाद क्रिकेट के इस प्रारूप से संन्यास ले लेंगे।
 
ऑस्ट्रेलिया को चमचमाती ट्रॉफी के अलावा 39 लाख 75 हजार डॉलर का चेक मिला जबकि न्यूजीलैंड को 17 लाख 50 हजार डॉलर से ही संतोष करना पड़ा।
 
ऑस्ट्रेलिया की जीत की इबारत बाएं हाथ के उसके 3 तेज गेंदबाजों जॉनसन (30 रन देकर 3 विकेट), फाकनर (36 रन देकर 3 विकेट) और स्टार्क ने (20 रन देकर 2 विकेट) ने लिख दी थी। बाद में क्लार्क (74), स्टीवन स्मिथ (नाबाद 56) और डेविड वार्नर (45) ने ऑस्ट्रेलिया को आसानी से लक्ष्य तक पहुंचाकर फिर से फाइनल की पटकथा में रोमांच शब्द नहीं जुड़ने दिया।
 
न्यूजीलैंड के लिए सेमीफाइनल के नायक ग्रांट इलियट ने 82 गेंदों पर 83 रन की पारी खेली लेकिन आखिर में विकेटों के तेजी से पतन के कारण उसका सम्मानजनक स्कोर खड़ा करने का सपना पूरा नहीं हो पाया। कीवी टीम ने आखिरी 7 विकेट 10 ओवरों में 33 रन के अंदर गंवाए।
 
ऑस्ट्रेलियाई पारी के दूसरे ओवर में ही ट्रेंट बोल्ट की इनस्विंगर एरोन फिंच (शून्य) के बल्ले और पैड से लगकर वापस गेंदबाज के पास आसान कैच के रूप में चली गई लेकिन वार्नर ने सुनिश्चित किया कि कीवी गेंदबाज उनकी टीम पर दबाव नहीं बना पाएं। उन्होंने टिम साउथी पर लगातार 3 चौके जड़कर मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर बैठे रिकॉर्ड 93 हजार दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
 
ब्रैंडन मैक्कुलम को 7वें ओवर में ही डेनियल विटोरी को गेंद सौंपनी पड़ी लेकिन टीम को अगली सफलता बाएं हाथ के इस स्पिनर की जगह गेंद थामने वाले मैट हेनरी (46 रन देकर 2 विकेट) ने दिलाई। वार्नर ने उनकी शॉर्ट पिच गेंद को पुल किया लेकिन वह डीप स्क्वायर लेग पर खड़े इलियट के पास चली गई।
 
वार्नर ने अपनी पारी में 7 चौके लगाए। इससे वार्नर और स्मिथ की 61 रन की साझेदारी का भी अंत हुआ। हेनरी के अगले ओवर में गेंद स्मिथ के बल्ले और पैड से लगकर मिडिल स्टंप पर लगी लेकिन गिल्ली नहीं गिरी।
 
इस बीच अपना आखिरी वनडे खेल रहे क्लार्क का दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया। क्लार्क ने भी उन्हें निराश नहीं किया और अपने आखिरी मैच में वनडे करियर का 58वां अर्द्धशतक जड़ा।
 
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने हेनरी पर 2 चौकों से शुरुआत की। उन्होंने विटोरी की गेंद उनके सिर के ऊपर से 6 रन के लिए भेजी और फिर 56 गेंदों पर अपना अर्द्धशतक पूरा किया। ऑस्ट्रेलिया की टीम जब लक्ष्य से 9 रन दूर थी तब हेनरी ने क्लार्क को बोल्ड करके उन्हें विजयी रन बनाने से रोक दिया। 
 
इससे पहले न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और एक समय वह 3 विकेट पर 39 रन बनाकर संघर्ष कर रहा था। यहां से इलियट ने रोस टेलर (40) के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 111 रन जोड़े।
 
न्यूजीलैंड का स्कोर एक समय 35 ओवर में 3 विकेट पर 150 रन था लेकिन इसके बाद उसने धड़ाधड़ विकेट गंवाए। स्टार्क ने शुरू से ही बेहतरीन गेंदबाजी और अपने पहले ओवर में ही न्यूजीलैंड के कप्तान ब्रैंडन मैक्कुलम को बोल्ड कर दिया। मैक्कुलम 2 शॉर्ट पिच गेंदों पर जूझते हुए दिखे।
 
इसके बाद अगली फुल लेंथ गेंद थी जिसने उनका ऑफ स्टंप उखाड़ दिया। मार्टिन गुप्टिल (15) ने जोश हेजलवुड पर पुल करने के प्रयास में विकेटकीपर के पीछे छक्का लगाया। उन्होंने और केन विलियम्सन (12) ने पहले 10 ओवरों में सतर्कता से बल्लेबाजी की। इस दौरान न्यूजीलैंड ने 31 रन बनाए। क्लार्क ने 12वें ओवर में ग्लेन मैक्सवेल को गेंद सौंपी और उन्हें जल्द ही इसका फायदा मिला।
 
गुप्टिल ने मैक्सवेल की साधारण दिख रही गेंद पर कट करने की कोशिश की लेकिन वे चूककर बोल्ड हो गए। विलियम्सन की संघर्षपूर्ण और असहज पारी का अंत जॉनसन ने अगले ओवर में कर दिया। विलियम्सन सही लाइन में आकर शॉट नहीं लगा पाए और जॉनसन को वापस कैच दे बैठे। उन्होंने 33 गेंदों पर 12 रन बनाए। 
 
इलियट और टेलर ने 126 गेंदों पर शतकीय साझेदारी पूरी की लेकिन इसके बाद न्यूजीलैंड की पारी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। टेलर ने फाकनर की बाहर जाती गेंद को छेड़ा और ब्रैड हैडिन ने अपनी दाईं तरफ एक हाथ से बेहतरीन कैच लपका।
 
फाकनर ने इसके बाद कोरी एंडरसन (शून्य) को यार्कर पर बोल्ड किया जिससे स्कोर 3 विकेट पर 150 रन से 5 विकेट पर 150 रन हो गया। स्टार्क ने ल्यूक रोंची (शून्य) को भी खाता नहीं खोलने दिया।
 
विटोरी (9) को जॉनसन ने यार्कर पर आउट किया जबकि फाकनर ने इलियट को शतक पूरा करने से रोका। (भाषा)