Daily Horoscope
✕

जीत के बाद 'सुधार' की दरकार

Written By WD
Updated: सोमवार, 14 फ़रवरी 2011 (13:02 IST)
सीमान्त सुवी र

WD
बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को विश्वकप के वार्मअप मैच में जरूर हरा दिया लेकिन इस जीत से इतर कई खामियाँ भी उजागर हुई जिसके लिए धोनी एंड कंपनी को काफी वर्कआउट करने की जरूरत है। सबसे ज्यादा ध्यान बल्लेबाजी पर देना होगा। इस मैच के बाद जो फैक्टर सामने दिखाई दिए वो इस तरह से हैं।

सलामी जोड़ी को बड़ा स्कोर बनाना होगा : वीरेन्द्र सहवाग और गौतम गंभीर एक साथ काफी समय बाद बतौर सलामी बल्लेबाज के रूप में मैदान में उतरे लेकिन महज 12 रन में ही यह जोड़ी टूट गई। गंभीर को 6 रनों के निजी स्कोर पर बोलिंगर ने अपना शिकार बना डाला।

दूसरी तरफ वीरू का बल्ला जमकर चला और ऑस्ट्रेलिया का कोई भी गेंदबाज उन पर अंकुश नहीं जमा सका। सहवाग ने छक्के के साथ अपना अर्धशतक पूरा किया। वे 56 गेंदों पर 54 रन बनाने में सफल रहे। वीरू ने विराट कोहली के साथ 42 और धोनी के साथ 38 रन की साझेदारी भी की। अब खास बात ये है कि आने वाले मैचों में गंभीर और सहवाग पर जिम्मेदारी होगी कि वे ठोस शुरुआत दें ताकि आने वाले बल्लेबाज बेखौफ होकर बल्लेबाजी कर सकें।

मध्यमक्रम को जिम्मेदारी निभानी होगी : जिस प्रकार से भारत का मध्यक्रम ऑस्ट्रेलिया के तेज आक्रमण के सामने फ्लॉप हुआ, उसने टीम के थिंक टैंक की परेशानी बढ़ा दी हैं। सचिन तेंडुलकर ने ऐहतियात के तौर पर अभ्यास मैच से किनारा कर लिया था। युवराज, रैना, धोनी और यूसुफ पठान जैसे बल्लेबाजों की मौजूदगी टीम इंडिया को ताकतवर टीम बनाती है लेकिन युवी 1, रैना 12, धोनी 11 और पठान 32 रन ही बना सके।

भारत के पाँच सूरमा बल्लेबाज केवल 51 रन के भीतर ही ड्रेसिंग रूम की शोभा बड़ा रहे थे। जब तक मध्यक्रम का कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेलेगा, तब तक भारत सुरक्षित स्कोर तक नहीं पहुँच सकेगा। जरुरी ये है कि आने वाले मैचों में रैना, धोनी या यूसुफ को न केवल मैदान पर टिकना होगा बल्कि तेजी से रन बनाकर विरोधी टीम पर बड़े स्कोर का मनोवैज्ञानिक दबाव भी बनाना होगा।

हरभजन को मिला अच्छा साथ : अभ्यास मैच के शुरू होने के पहले तक ये सवाल उठाए जा रहे थे कि टीम इंडिया में तीन स्पिनरों का क्या काम? यह भी समस्या थी कि हरभजन को दूसरे छोर से कौन गेंदबाज मदद करेगा? लेकिन बाद में पीयूष चावला ने ताबड़तोब चार विकेट (क्लार्क 0, व्हाइट 4, डेविड हसी 0, फर्ग्यूसन 8) लेकर भारत को मैच में वापस ला खड़ा किया। इसका असर ये रहा कि हरभजन पर से दबाव हट गया और वे 15 रन देकर तीन विकेट लेने में सफल रहे। पीयूष ने जो चार विकेट झटके इसके लिए उन्होंने 31 रन खर्च किए। याद रखना जरूरी है कि हर जगह बेंगलुरु जैसा विकेट नहीं मिलेगा। अश्विन को भी काफी मेहनत की जरूरत है।

जहीर का होना जरूरी : टीम इंडिया की गेंदबाजी जहीर खान की अगुआई में ही निखर सकती है, इसका सबूत अभ्यास मैच में मिल गया। नेहरा और श्रीसंथ की गेंदबाजी में वो धार या वेरिएशन नहीं है, जो जहीर खान की गेंदबाजी में हुआ करता है। वे बल्लेबाजों पर आते ही दबाव डाल देते हैं। धोनी के इस प्रमुख अस्त्र को जल्दी ही चोट से उबरकर मैदान संभालना होगा। जहीर की इन स्विंग और आउट स्विंग गेंदें उपमहाद्वीप के मृत विकेटों से भी विकेट निकालना बखूबी जानती हैं।

214 का स्कोर सुरक्षित नहीं : टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया जैसी विश्वविजेता टीम के सामने केवल 214 रन बनाए थे। इस तरह का स्कोर वर्ल्डकप के प्रतिस्पर्धात्मक मुकाबले में किसी भी हालत में सुरक्षित नहीं माना जा सकता। 260 से 280 के स्कोर पर गेंदबाजों के लिए कुछ करने का मौका रहता है। आने वाले मैचों में टीम इंडिया को बड़े स्कोर की दरकार रहेगी। यदि भारतीय गेंदबाज अभ्यास मैच में करिश्माई प्रदर्शन नहीं करते तो हो सकता था कि हम आज हार के कारणों पर चर्चा कर रहे होते।

पंटर इतने उग्र क्यों हो जाते हो : रिकी पोटिंग (पंटर) को भारत की जमीन पर उतरते ही न जाने क्या हो जाता है। ऐसा लगता है कि वे लड़ाई के इरादे से ही यहाँ आते हैं। रविवार को जब श्रीसंथ की गेंद पर वे बीट हुए तो झल्ला गए और श्रीसंथ से उलझ पड़े। इससे पहले एक मैच में जहीर खान से भी उनकी तकरार हुई थी। अभ्यास मैच में पोंटिंग का विकेट श्रीसंथ को तो नहीं मिला लेकिन हरभजन सिंह इसका फायदा उठा गए। भज्जी ने उन्हें 57रन के निजी स्कोर पर धोनी के द्वारा स्टंप आउट करवा दिया। हालाँकि रिकॉर्ड पुस्तक में भज्जी का ये विकेट तो दर्ज नहीं होगा, लेकिन ये भी जान लें कि हरभजन ने 14 मौकों पर पंटर को अपना शिकार बनाया है।

सचिन संभालो मैदान : दक्षिण अफ्रीका में है‍मस्ट्रिंग चोट की वजह से सचिन को दौरा छोड़कर वापस लौटना पड़ा था। बाद में उनकी चोट ठीक हुई और उन्होंने फिटनेस टेस्ट भी पास किया। उम्मीद की जा रही थी कि भारत का यह 37 साल का सितारा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैदान में उतरेगा लेकिन सचिन ने खुद को मैच से बाहर रखा। बताया जा रहा है‍ कि वे न्यूजीलैंड के खिलाफ अभ्यास मैच में उतरेंगे। सचिन के प्रशंसक इस वर्ल्डकप में उनसे बहुत ज्यादा उम्मीद रख रहे हैं और उन्हें अब मैदान संभालना ही होगा। मुझे नहीं लगता है कि आज भी भारतीय क्रिकेट प्रेमी ग्वालियर में सचिन तेंडुलकर द्वारा जमाया गया वनडे का पहला दोहरा शतक भूल सके होंगे।

अभ्यास मैच पहुँचा करोड़ों तक : किसी भी खेल का अभ्यास मैच स्टेडियम में जमा कुछ हजार दर्शक तक सिमट कर रहा जाता है लेकिन विश्वकप में टीम इंडिया के पहले अभ्यास मैच पर देश-दुनिया की नजरें लगी हुई थी। चिन्नास्वामी स्टेडियम में पैर रखने की जगह नहीं थी। टीवी पर मैच के प्रसारण का लुत्फ न केवल देशवासियों ने उठाया, बल्कि इसका प्रसारण ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, बांग्लादेश, अमेरिका, फिलीपींस, मालदीव और नेपाल तक पहुँचा। आप ये तो मानेंगे ही कि वाकई वर्ल्डकप सिर पर आ गया है और भारत-ऑस्ट्रेलिया के सनसनीखेज मैच ने जबरदस्त माहौल बना दिया है।

Show comments

सभी देखें

गर्मियों की जगह ठंड में IPL कराने को फ्रैंचाइजियां हुई लामबंद, चावला के विचार को वाडिया का समर्थन

भारत के लिए WTC Final खेल चुका यह विकेटकीपर अब खेलेगा UAE के लिए

100वें शतक द्वारा बनाया गया बल्ला सचिन करेंगें संग्रहालय में दान

हार्दिक बने पंजाबी, अर्शदीप बने मुंबईया, IPL की सबसे बड़ी ट्रेड डील हुई साइन

2 ओलंपिक मेडल जीतने वाली मनु भाकर ओलंपिक के लिए नहीं कर पाई क्वालिफाई