Daily Horoscope
✕

UP Election : दोपहर 1 बजे तक 35.51 प्रतिशत मतदान, अंतिम चरण में जीत के लिए जारी है 'महासंग्राम'

Updated: सोमवार, 7 मार्च 2022 (14:55 IST)
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण के तहत राज्य के 9 जिलों की 54 विधानसभा सीट पर मतदान जारी है और अपराह्न 1 बजे तक औसतन 35.51 प्रतिशत मतदान हो चुका था।
 
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ल ने रविवार को बताया कि सातवें चरण में अपराह्न एक बजे तक औसतन 35.51 प्रतिशत मतदान हुआ है। उन्होंने बताया कि इस अवधि में आजमगढ़ में 34.63 प्रतिशत मतदान हुआ है जबकि मऊ में 37.08, जौनपुर में 35.81, गाजीपुर में 33.71, चंदौली में 38.43, वाराणसी में 33.62, मिर्जापुर में 38.10, भदोही में 35.59 और सोनभद्र में 35.87 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं।

उन्होंने बताया कि चंदौली जिले की चकिया और सोनभद्र जिले की राबर्ट्सगंज तथा दुद्धी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में मतदान शाम चार बजे तक चलेगा। शेष 51 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में शाम छह बजे तक मतदाता मतदान कर सकेंगे।

आयोग के मुताबिक मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है। हालांकि समाजवादी पार्टी ने गाजीपुर और भदोही में कुछ स्थानों पर मतदाताओं को वोट डालने से रोके जाने, आजमगढ़ में फर्जी मतदान कराए जाने और जौनपुर के मल्हनी क्षेत्र में एक पार्टी विशेष के पक्ष में जबरन मतदान कराए जाने का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग से इनकी शिकायत की है।

शुक्ल ने बताया कि सातवें चरण में 2.06 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। इनमें 1.09 करोड़ पुरुष, 97.08 लाख महिला तथा 1027 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। इस चरण के निर्वाचन में कुल 54 विधानसभा क्षेत्रों में 613 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें से 75 महिला प्रत्याशी हैं। सातवें चरण की 54 सीटों में से 11 अनुसूचित जाति के लिए और दो अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं।

शुक्ल ने बताया कि सातवें चरण के चुनाव के लिए कुल 23,614 मतदेय स्थल तथा 12,210 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। मतदान पर सतर्क दृष्टि रखने के लिए आयोग ने 52 सामान्य प्रेक्षक, नौ पुलिस प्रेक्षक तथा 17 व्यय प्रेक्षक भी तैनात किए हैं। इसके अलावा 1621 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 195 जोनल मजिस्ट्रेट, 222 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा 2796 माइक्रो ऑब्जर्वर भी तैनात किए गए हैं।

आयोग द्वारा राज्य स्तर पर एक वरिष्ठ सामान्य प्रेक्षक, एक वरिष्ठ पुलिस प्रेक्षक तथा दो वरिष्ठ व्यय प्रेक्षक भी तैनात किए गए हैं, जो क्षेत्र में रहकर संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया का पर्यवेक्षण कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि 2017 के विधानसभा चुनाव में सातवें चरण की इन 54 सीट में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके सहयोगियों अपना दल (एस) और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) को कुल 36 सीटें मिली थीं। इनमें भाजपा को 29, अपना दल (एस) को चार और सुभासपा को तीन सीटें प्राप्त हुई थीं।

वहीं समाजवादी पार्टी (सपा) को 11, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को छह और निषाद पार्टी को एक सीट पर जीत मिली थी। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में अपने दम पर लड़ी निषाद पार्टी इस बार भाजपा के साथ गठबंधन में है, जबकि सुभासपा ने सपा से गठबंधन किया है।

चुनाव के अंतिम चरण में उत्तर प्रदेश के कई मंत्रियों के चुनावी भाग्य का फैसला होगा। इनमें पर्यटन मंत्री नीलकंठ तिवारी (वाराणसी दक्षिण), अनिल राजभर (शिवपुर-वाराणसी), रवींद्र जायसवाल (वाराणसी उत्तर), गिरीश यादव (जौनपुर) और रमाशंकर पटेल (मड़िहान-मिर्जापुर) शामिल हैं।

इसके अलावा विधानसभा चुनाव से ऐन पहले भाजपा छोड़कर सपा में गए पूर्व मंत्री दारा सिंह चौहान (घोसी-मऊ) और भाजपा का साथ छोड़कर इस बार सपा से गठबंधन कर चुनाव लड़ रहे सुभासपा अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री ओमप्रकाश राजभर (जहूराबाद-गाजीपुर), बाहुबली नेता मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी (मऊ सदर) तथा पूर्व सांसद धनंजय सिंह (मल्हनी-जौनपुर) की उम्मीदवारी वाली सीट पर भी इसी चरण में वोट डाले जा रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पूर्ववर्ती छह चरणों में 349 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान संपन्न हो चुका है। अंतिम चरण के लिए मतदान जारी है। प्रदेश में सात चरणों में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे आगामी 10 मार्च को घोषित किए जाएंगे।(भाषा)

Show comments

90 लाख की BYD Denza D9 भारत में लॉन्च, एक चार्ज में चलेगी 730KM, Vellfire को देगी टक्कर

पाकिस्तान बॉर्डर पर उतरे भारत के 'फौलादी रोबोट डॉग्स'! न सोते हैं, न थकते हैं और न लगती है -40°C की ठंड; जानिए इनकी ताकत

Electric Scooter : भारत में आ सकता है VinFast का नया सस्ता इलेक्ट्रिक स्कूटर और बाइक, Ola-Ather को मिलेगी नई चुनौती

Xiaomi 18 Pro Series : Xiaomi का बड़ा धमाका, 17 नवंबर को लॉन्च होंगे 7 नए प्रोडक्ट, जानिए क्या होगा खास

परिसीमन विधेयक और संसद के विशेष सत्र पर प्रियंका गांधी का बड़ा बयान, जानें क्यों इस बिल को लाने की तैयारी में है सरकार

सभी देखें

MCD महापौर मामले में AAP ने खटखटाया सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा

भूपेंद्र पटेल सरकार में मंत्रालयों का बंटवारा, हर्ष संघवी को गृह और कनुभाई देसाई को मिला वित्त विभाग, जानिए किसे कौनसा मंत्रालय मिला

भूपेन्द्र पटेल दूसरी बार बने गुजरात के मुख्‍यमंत्री, एक महिला मंत्री ने भी ली शपथ

Gujarat : गांधीनगर में कल भूपेंद्र पटेल का शपथ ग्रहण, PM मोदी भी रहेंगे मौजूद, ये विधायक ले सकते हैं मंत्री पद की शपथ

हिमाचल में प्रतिभा सिंह के 'हाथ' से कैसे फिसल गई CM की कुर्सी?

अगला लेख