शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. विधानसभा चुनाव 2017
  3. उत्तरप्रदेश
  4. Union Budget, Samajwadi Party, BJP, Akhilesh Yadav
Written By

अगले बजट में भाजपा करेगी सपा सरकार की नकल : अखिलेश यादव

अगले बजट में भाजपा करेगी सपा सरकार की नकल : अखिलेश यादव - Union Budget, Samajwadi Party, BJP, Akhilesh Yadav
सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार ने अपने चुनाव घोषणा पत्र को मुकम्मल तौर पर लागू करके साबित किया है कि समाजवादियों की कथनी और करनी में कोई फर्क नहीं है और आगामी केन्द्रीय बजट में भाजपा सपा सरकार की नकल करेगी।
मुख्यमंत्री ने राज्य विधानसभा चुनाव के लिए अपने प्रचार अभियान की शुरुआत करते हुए एक रैली में कहा कि सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने पिछली बार जो घोषणा पत्र बनाया था, उसे उनकी सरकार ने पूरी तरह लागू किया है। इस बार के घोषणा पत्र में प्रदेश और देश को आगे ले जाने वाली जरूरी चीजों को शामिल किया गया है। समाजवादियों की कथनी और करनी में कोई भेद नहीं है। जनता ने मन बना लिया है, अगर कोई जीतेगा तो 'साइकिल' (सपा का चुनाव निशान) वाला ही जीतेगा।
 
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में एक पार्टी ने 'अच्छे दिन' लाने का झूठा नारा दिया और लोगों ने उस पर भरोसा कर लिया। इसके बदले में जनता को झाड़ू पकड़ा दी गई और योग करवाया गया।
 
सपा अध्यक्ष ने कहा अब तक तीन साल हो गए। चौथा बजट आने वाला है, मैं जिम्मेदारी से कहता हूं कि जब बजट आएगा तो उसमें हम समाजवादियों की (योजनाओं की) नकल की जाएगी। भाजपा ने तीन बजट दिए, उसमें गरीबों के लिए कोई सार्थक योजना नहीं थी। समाजवादी लोग ही उत्तर प्रदेश को आगे बढ़ाएंगे। 
 
अखिलेश ने कहा, राज्य का सियासी तापमान सपा के पक्ष में है। अब केवल साइकिल वाली सरकार ही बनेगी। अब तो आपके साथ कांग्रेस पार्टी भी है। तो सोचिए, आप कितनी सीटें जीतने वाले हैं। पहले हम 250 से अधिक सीटें जीत रहे थे, अब 300 से ज्यादा जीतेंगे। हम बहुमत की सरकार बनाएंगे।
 
अखिलेश ने भाजपा पर हमले जारी रखते हुए कहा कि नोटबंदी से सबसे ज्यादा तकलीफ गरीबों, मजदूरों, किसानों और कामगारों को हुई है। केन्द्र सरकार के इस कदम से पूरे देश में 70-80 लोगों की जान चली गई। नोटबंदी का कोई लाभ नहीं हुआ। जो सोचा गया था, वह हुआ ही नहीं। असली कालाधन तो बड़े शहरों में रहने वालों का है और वे किसी बैंक या एटीएम की लाइन में नहीं खड़े हुए। 
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जितने गरीब लोग बैंक और एटीएम की कतार में मर गए, उनके परिजन को राज्य सरकार ने दो-दो लाख रुपए की मदद की, क्योंकि उन्हें इसकी जरूरत थी। सरकार आगे भी गरीबों की मदद करना चाहती है। यही विकास का रास्ता है।
 
उन्होंने अपने परिवार में हाल में हुए झगड़े का परोक्ष रूप से जिक्र करते हुए कहा, हमने बहुत लड़ाई लड़ी। तमाम तरह की लड़ाई लड़ी। आपने अखबारों में बहुत सी खबरें और कहानियां पढ़ी होंगीं, लेकिन जो कुछ संघर्ष हुआ, वह आपके (जनता) लिए किया गया। 
 
अखिलेश ने पार्टी के नए घोषणा पत्र में शामिल वादों तथा अपनी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने 55 लाख महिलाओं को समाजवादी पेंशन से जोड़ा। आने वाले समय में सभी गरीब महिलाओं को पेंशन योजना से जोड़ा जाएगा और एक करोड़ गरीब महिलाओं को एक-एक हजार रुपए प्रतिमाह पेंशन दी जाएगी। आने वाले समय में शहरों के साथ-साथ गांवों में भी 24 घंटे बिजली मिलेगी।
 
उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक बार फिर सत्ता में आने पर उनकी सरकार आम जनता को मुफ्त स्मार्टफोन उपलब्ध कराएगी, ताकि लोगों को शासकीय योजनाओं की जानकारी लेने के लिए दफ्तरों के चक्कर ना लगाने पड़ें। (भाषा)
ये भी पढ़ें
शाहरुख की किसने की दाऊद इब्राहीम से तुलना