शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. टोक्यो ओलंपिक 2020
  3. टोक्यो ओलंपिक न्यूज़
  4. Despite Asian record athletics team disappoints again
Written By
Last Updated : शुक्रवार, 6 अगस्त 2021 (19:36 IST)

एथलेटिक्स में फिर निराशा: एशियाई रिकॉर्ड के बाद भी रिले टीम फाइनल में नहीं, रेस पूरी नहीं कर सके गुरप्रीत

एथलेटिक्स में फिर निराशा: एशियाई रिकॉर्ड के बाद भी रिले टीम फाइनल में नहीं, रेस पूरी नहीं कर सके गुरप्रीत - Despite Asian record athletics team disappoints again
सापोरो: भारत की राष्ट्रीय रिकार्डधारी प्रियंका गोस्वामी शुक्रवार को यहां ओलंपिक की महिलाओं की 20 किमी पैदल चाल स्पर्धा में आधी दूरी तक अच्छी स्थिति में थीं लेकिन अंत में 17वें स्थान पर जबकि हमवतन भावना जाट 32वें स्थान पर रहीं।
 
गुरप्रीत सिंह पुरूषों की 50 किलोमीटर पैदल चाल पूरी नहीं कर सके और गर्मी तथा उमस के कारण ऐंठन की वजह से नाम वापस ले लिया। वह 35 किमी की दूरी दो घंटे 55 मिनट 19 सेकंड में पूरी करके 51वें स्थान पर थे। इसके बाद वह अलग बैठ गए और मेडिकल टीम ने उनकी मदद की।
 
इससे भारतीय पैदल चाल खिलाड़ियों का अभियान निराशाजनक तरीके से समाप्त हुआ।पच्चीस वर्षीय प्रियंका ने एक घंटे 32 मिनट 36 सेकेंड का समय निकाला जो उनके व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ एक घंटे 28 मिनट और 45 सेकेंड के प्रदर्शन से बाहर था जबकि यह उन्होंने फरवरी में नेशनल ओपन पैदल चाल चैम्पियनिशप के दौरान ही बनाया था।
 
स्पर्धा हालांकि काफी गर्मी और उमस भरी परिस्थितियों में संपन्न हुई।प्रियंका शुरू में आगे चल रहे खिलाड़ियों में शामिल थी बल्कि आठ किलोमीटर तक दूरी तय करने के बाद वह सबसे आगे थीं लेकिन धीरे धीरे वह खिसकती चली गयीं।
भावना आगे चल रही खिलाड़ियों के साथ अपनी रफ्तार बरकरार नहीं रख सकीं और शुरू से ही पीछे चल रही थीं जिससे वह एक घंटे 37 मिनट 38 सेकेंड से 32वें स्थान पर रहीं।पच्चीस साल की भावना का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन एक घंटे 29 मिनट 54 सेकेंड का है।
 
इटली की एंतोनेला पामिसानो ने एक घंटे 29 मिनट 12 सेकेंड से स्वर्ण पदक जीता जबकि कोलंबिया की सांड्रा लोरेना अरेनास ने रजत और चीन की होंग लियू ने कांस्य पदक हासिल किया।
 
गुरप्रीत का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन तीन घंटे 59 मिनट और 42 सेकंड का है जो उन्होंने फरवरी में राष्ट्रीय पैदलचाल चैम्पियनशिप में स्वर्ण जीतकर बनाया था।
 
स्पर्धा शुरू होने के समय सापोरो ओडोरी पार्क पर तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस था लेकिन बाद में बढकर 30 डिग्री पहुंच गया। उमय भी 80 प्रतिशत थी। कुल 59 खिलाड़ियों में से 12 या तो पूरा नहीं कर सके या अयोग्य हो गए।
 
पोलैंड के डेविड तोमाला ने स्वर्ण, जर्मनी के जोनाथन हिलबर्ट ने रजत और कनाडा के इवान डंफी ने कांस्य पदक जीता।
भारत की 4x400 रिले टीम ने एशियाई रिकार्ड बनाया, पर फाइनल में जगह बनाने से चूकी
 
तोक्यो:भारत की 4x400 मीटर पुरुष रिले टीम ने शुक्रवार को यहां तोक्यो ओलंपिक में तीन मिनट 00.25 सेकेंड का समय निकालकर नया एशियाई रिकार्ड बनाया लेकिन फाइनल में जगह बनाने में असफल रही।मोहम्मद अनस याहिया, टॉम नोह निर्मल, राजीव अरोकिया और अमोल जैकब की भारतीय चौकड़ी दूसरी हीट में चौथे स्थान पर रही।
 
भारतीय टीम कुल नौवें स्थान पर रही और इस तरह से आठ टीमों के फाइनल में जगह नहीं बना पायी।दोनों हीट में शीर्ष तीन स्थानों पर रहने वाली टीमें तथा इसके दो सर्वश्रेष्ठ समय निकालने वाली टीमें फाइनल में जगह बनाती हैं।
 
इससे पहले का एशियाई रिकार्ड कतर के नाम पर था जिसने तीन मिनट 00.56 सेकेंड के साथ एशियाई खेल 2018 में स्वर्ण पदक जीता था।(भाषा)
ये भी पढ़ें
जड़ेजा के बाद गेंदबाजों ने लगाए शॉट्स, पहली पारी के आधार पर भारत ने इंग्लैंड पर ली 95 रनों की बढ़त