आप अभिनेता कैसे बने?
मुझे डांस करने का बहुत शौक है। लेकिन अभिनेता बनना हमेशा से मेरा सपना रहा है। रितिक रोशन मेरे आइडल हैं और मैं उनकी तरह डांस व एक्टिंग करना चाहता हूं। मैं एक दिन स्टार बनना चाहता हूं। मैंने महाराणा प्रताप के लिए ऑडिशन दिया और मेरा चयन हो गया। मैं बेहद खुश हूं कि मुझे अपनी अभिनय प्रतिभा दिखाने का अवसर प्राप्त हुआ है।
आपको रितिक रोशन की कौन सी फिल्म सबसे अधिक पसंद है?
मैंने उनकी सभी फिल्में देखी हैं। मुझे कोई मिल गया में रोहित के रूप में उनका परफार्मेंस बहुत पसंद है। शानदार अभिनय, डांस, अच्छा लुक और बेहतरीन बॉडी के साथ रितिक एक कंप्लीट पैकेज हैं।
आप पहली बार छोटे पर्दे पर अभिनय रहे हैं, क्या आपने इस किरदार को निभाने के लिए किसी तरह की वर्कशॉप का सहारा लिया?
मैं तलवार चलाना सीख रहा हूं। मैं प्रतिदिन घुड़सवारी का अभ्यास करता हूं। मुझे दोनों ही चीजें पसंद हैं।
किरदार को अच्छी तरह निभाने और दमदार संवाद अदायगी के लिए आपने किस तरह तैयारी की?
मुझे संस्कृत शब्दों के साथ शुद्ध हिंदी बोलना है, जो कि मुश्किल है। मैंने महाराणा प्रताप के किरदार को समझा है। शुरूआत में मुझे संवाद बोलने में बहुत शर्म महसूस होती थी, लेकिन निर्देशक ने मेरी मदद की। महाराणा प्रताप के किरदार के एटीट्यूड को प्राप्त करने के लिए मैंने अपनी बॉडी लैंग्वेज पर भी काम किया।
रिएलिटी शो जीतने के बाद आपकी जिंदगी कितनी बदल गई? जब लोग अभिनय करते देखते हैं तो उनकी क्या प्रतिक्रिया होती है?
मैं जहां भी जाता हूं, लोग मुझे पहचान लेते हैं और वे मेरे डांस की तारीफ करते हैं। मुझे बहुत अच्छा लगता है जब लोग मेरे साथ फोटो खिंचवाते हैं और ऑटोग्राफ लेते हैं। बाकी सभी चीजें पहली की ही तरह हैं। मेरे पिता अभी भी ऑटो रिक्शा चलाते हैं। मैंने छुट्टियों के दौरान ऑडिशंस दिया था और इसमें मेरा चयन हो गया। इसलिए मैं अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से उनकी प्रतिक्रिया जानने के लिए नहीं मिल पाया हूं। सच कहूं, तो मैंने अभी तक मेरे शो की होर्डिंग तक नहीं देखी है।
क्या आप अपना धारावाहिक देखते हैं?
हां, मैं रोजाना अपना धारावाहिक देखता हूं और डांस रिएलिटी शोज के अलावा यह मेरा एक पसंदीदा कार्यक्रम है।