छोटी सी जिंदगी धारावाहिक में काम करने वाली दो बाल कलाकारों रिचा मुखर्जी और श्रुति ने अपने उम्दा अभिनय से सभी का दिल जीत लिया है। जी टीवी पर प्रसारित होने वाले इस धारावाहिक की कहानी ऐसी दो बहनों के बारे में हैं, जिन्हें कम उम्र में ही कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
ईशा का किरदार रिचा ने निभाया है जो एक्टिंग के मामले में काफी अनुभवी हैं। अगले जनम मोहे बिटिया कीजो, माता की चौकी, कुमकुम, कस्तूरी, पृथ्वीराज चौहान जैसे धारावाहिक कर चुकी हैं। इसके अलावा पाठशाला, कर्ज, धमाल जैसी फिल्मों में भी उन्होंने अभिनय किया है।
ईशा कहती हैं कि छोटी-सी जिंदगी धारावाहिक ने उनकी जिंदगी बदल दी है। पहले इतना काम करने के बावजूद उनकी खास पहचान नहीं बनी थी, लेकिन जब से वे इस धारावाहिक से जुड़ी हैं उन्हें हर जगह पहचान लिया जाता है। ऑटोग्राफ माँगे जाते हैं। फोटो खिंचाने की जिद लोग करते हैं। इससे वे यह अनुमान लगाती हैं कि यह धारावाहिक लोगों को पसंद आ रहा है।
PR
7 वीं कक्षा की विद्यार्थी रिचा का मानना है कि इस धारावाहिक में उन्हें कई शेड्स निभाने को मिल रहे हैं और वे अपनी बहन श्रुति के लिए माँ जैसा रोल धारावाहिक में अदा कर रही हैं। ऐसा रोल उन्हें पहले कभी निभाने को नहीं मिला।
श्रुति बनी इरा से उनकी ट्यूनिंग पहले दिन से ही जम गई और वे सचमुच में भी बहनों जैसी रहती हैं। शूटिंग के दौरान उन्हें खेलने और पढ़ने के लिए काफी वक्त मिलता है और वे साथ में ही वक्त बिताती हैं। धारावाहिक के निर्माता ने एक ट्यूटर की व्यवस्था कर रखी है ताकि उनकी पढ़ाई का नुकसान ना हो।
रिचा को पवन मल्होत्रा और सुष्मिता मुखर्जी जैसे कलाकारों के साथ काम करने को मिल रहा है। वे बताती हैं कि पहले उन्हें पवन से डर लगता था, लेकिन धीरे-धीरे यह दूर हो गया और अब वे उन्हें अपने बाबा जैसे लगते हैं। जहाँ तक सुष्मिता का सवाल है तो रिचा पहले भी उनके साथ काम कर चुकी हैं। रिचा तो उनसे अभिनय की बारीकियाँ सीखती ही हैं, सुष्मिता भी कई बार उनसे अपने शॉट के संबंध में सलाह लेती हैं।