जोधा अकबर की टीम ने की कड़ी मेहनत
जी टीवी पर 18 जून से शुरू हुआ ऎतिहासिक धारावाहिक ‘जोधा अकबर’, एक मुगल शहंशाह और राजपूत राजकुमारी की शाही प्रेम कहानी पर आधारित है। शानदार सेट्स, ऎतिहासिक भव्यता और चुनिंदा कलाकारों के साथ यह धारावाहिक, जोधा - अकबर के दौर को पूरी विश्वसनीयता और विस्तार से पेश कर रहा है। बालाजी टेलीफिल्म्स द्वारा शो की स्क्रीप्ट को गहन शोध के बाद तैयार किया गया है। सुनने में आया है कि इसकी पूरी टीम ने हर किरदार के अलग - अलग लुक्स पर रिसर्च करने के लिए जयपुर और जोधपुर की यात्राएं की हैं।
सास - बहू सीरियल्स से मशहूर हुई एकता कपूर अब ऎतिहासिक धारावाहिक लेकर आई हैं। शो में अकबर के एक युवा योद्धा से शहंशाह बनने के सफर के साथ उनके और राजकुमारी जोधा के बीच प्रेम संबंध को गहराई से दर्शाया जाएगा। अपने किरदारों को पर्दे पर जीवंत करने के उद्देश्य से इसके कलाकारों ने घुड़सवारी और तलवारबाजी से लेकर मार्शल आर्टस तक का विशेष प्रशिक्षण लिया है। पर्दे पर नजर आ रही जोधा अकबर की कहानी की तरह, शो के पर्दे के पीछे की कहानी भी उतनी ही दिलचस्प है। शो के शोधकर्ता डॉ. बोधिसत्व ने बताया कि लोग ऎतिहासिक शोज से बहुत कुछ सीखना चाहते हैं। सभी लोग शहंशाह अकबर के दिलचस्प निजी जीवन को विस्तार से जानने को उत्सुक हैं। अकबर के जीवन की ही तरह उनकी और जोधा की प्रेम कहानी भी उतनी ही रोचक है।जोधा अकबर की निर्माता एकता कपूर इस शो को लेकर शुरू से ही बेहद उत्साहित थीं। उन्होंने शो के मुख्य कलाकारों के चयन के लिए कई ऑडिशंस लिए। शो में जोधा के किरदार के लिए एकता ने देशभर में 8 महीनों तक 7000 लड़कियों के ऑडिशंस लिए और अंततः अभिनेत्री परिधि शर्मा को चुना। एकता ने कहा कि मुझे किसी ऎसे चेहरे की तलाश थी जिससे नूर झलकता हो, साथ ही उसमें भारतीय इतिहास की सबसे प्यारी राजपूत राजकुमारी जैसी शान भी हो।