1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. World Cup postponed due to Corona virus

जानलेवा Corona Virus की दहशत, विश्व कप निशानेबाजी स्थगित, ओलंपिक परीक्षण प्रतियोगिता रद्द

Corona virus
नई दिल्ली। दुनियाभर में फैले कोरोना वायरस के संक्रमण के खतरे को देखते हुए नई दिल्ली में आगामी निशानेबाजी विश्व कप को शुक्रवार को स्थगित कर दिया गया जबकि टोकियो में ओलंपिक परीक्षण प्रतियोगिता रद्द कर दी गई।
अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ (आईएसएसएफ) द्वारा स्वीकृत इस टूर्नामेंट का आयोजन राजधानी के डॉ. कर्णी सिंह निशानेबाजी रेंज में 15 से 25 मार्च तक किया जाना था। ओलंपिक परीक्षण स्पर्धा का आयोजन 16 अप्रैल से होना था।
 
भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) अधिकारी ने कहा कि दिल्ली में टूर्नामेंट अब ओलंपिक खेलों से पहले 2 हिस्सों में कराया जाएगा। प्रतियोगिता की तारीखें बाद में घोषित की जाएंगी। सरकार ने कोरोना वायरस से बचने की मुहिम में इससे सबसे ज्यादा प्रभावित देश जैसे चीन, इटली, दक्षिण कोरिया, जापान और ईरान से यात्रियों के प्रवेश पर पांबदी लगा दी है।
 
एनआरएआई में एक सूत्र ने कहा कि 22 देशों ने इस टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया है। सूत्र ने कहा कि गुरुवार रात तक यह संख्या 22 देश थी जिन्होंने हटने का फैसला किया, उन्होंने वीजा के लिए फिर से आवेदन भी कर दिया है।
 
सरकार के दिशा-निर्देशों में यह भी लिखा हुआ है कि उन सभी विदेशी नागरिकों का वीजा रद्द कर दिया जाएगा जिन्होंने 2020 में इन प्रभावित देशों का दौरा किया है। दिल्ली विश्व कप में राइफल/पिस्टल और शाटगन की प्रतियोगिताएं आयोजित की जानी थी।
 
पिछले हफ्ते भारत ने कोरोना वायरस के कारण साइप्रस में आईएसएसएफ विश्व कप से हटने का फैसला किया था। इस वायरस से अभी तक 3,000 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है जबकि पूरी दुनिया में 1 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं।
 
आईएसएसएफ ने बुधवार को घोषणा की थी कि दिल्ली में विश्व कप से कोई रैंकिंग अंक प्रदान नहीं किए जाएंगे क्योंकि भारत सरकार द्वारा जारी स्वास्थ्य परामर्श के बाद सभी देशों के निशानेबाज इसमें भाग नहीं ले पाएंगे।
अगला लेख
पॉवर प्ले में शैफाली वर्मा और स्मृति मंधाना के सामने गेंदबाजी क्यों नहीं करना चाहती है यह ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज