इंग्लैंड ने 17वें मिनट में डेविड कोंडोन के मैदानी गोल से बढ़त बनाई। इंग्लैंड ने इस बढ़त को आधे समय तक बरकरार रखा। भारत ने काफी कोशिशें कीं लेकिन उसे सफलता हाथ नहीं लगी। आखिर कप्तान मनप्रीत ने 33वें मिनट में बेहतरीन गोल कर भारत को बराबरी पर ला दिया। पहले 3 क्वार्टर तक स्कोर 1-1 से बराबर था। आखिरी 10 मिनट में रोमांचक खेल हुआ और इस दौरान दोनों टीमों ने 5 गोल दागे। भारत को 51वें मिनट में रूपिंदर ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर बढ़त दिला दी।
इंग्लैंड ने जवाबी प्रहार किए और 52वें और 56वें मिनट में गोल कर बढ़त हासिल कर ली। इंग्लैंड के लिए दूसरा गोल लियाम एंसेल ने और तीसरा गोल सैम वार्ड ने किया। जब लग रहा था कि मुकाबला हाथ से निकल जाएगा कि तभी 59वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर वरुण ने बराबरी का गोल दाग दिया। भारत ने इंग्लैंड पर दबाव बनाए रखा और मनदीप सिंह ने डी के बाहर से मिले पास को डिफ्लेक्ट कर गोल में पहुंचा दिया। रिप्ले देखने के बाद यह साफ था कि गेंद मनदीप की स्टिक से डिफ्लेक्ट होकर गोल में गई है। आखिरी मिनट में भारतीय खिलाड़ी गेंद को अपने गोल से बाहर धकेलने के प्रयास में लगे हुए थे। इंग्लैंड ने आखिरी कोशिश की और गेंद भारतीय डी में पहुंचाकर रेफरल मांग लिया जिसे खारिज कर दिया गया और भारत ने रोमांचक मैच जीत लिया।
महिला टीम की भिड़ंत ऑस्ट्रेलिया से : भारतीय महिला टीम गुरुवार को होने वाले सेमीफाइनल में विश्व की 5वें नंबर की टीम और मेजबान ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगी। भारत को फाइनल में पहुंचने के लिए यह मुकाबला जीतना होगा। भारत अपने पूल में दूसरे स्थान पर रहा जिससे उसे सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया से भिड़ना पड़ रहा है। कप्तान रानी और कोच हरेंद्र सिंह ने विश्वास व्यक्त किया है कि टीम ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठा से प्रभावित हुए बिना अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगी। यह मैच भारतीय समयानुसार शाम 4.45 बजे खेला जाएगा। (वार्ता)