Wed, 22 Jul 2026

Notifications

  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Shatrughan Sinha, Sushil Modi, BJP

शत्रुघ्न तय करें, भाजपा के दोस्त हैं या शत्रु : मोदी

Shatrughan Sinha
पटना। बिहार भारतीय जनता पार्टी विधानमंडल दल के नेता एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शत्रुघ्न सिन्हा के ट्वीट पर पलटवार करते हुए कहा कि सिन्हा को तय करना चाहिए कि वे भाजपा के दोस्त हैं या शत्रु।
              
मोदी और सिन्हा के बीच जारी 'टि्वटर वॉर' में दोनों ने एक-दूसरे का नाम नहीं लिया, लेकिन दोनों ने आज भी एक-दूसरे पर इशारों-इशारों में हमला किया। सिन्हा ने खुद को गद्दार कहे जाने और पार्टी से निष्कासित करने की मोदी की मांग के बाद आज जब भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से उन्हें (सुशील मोदी) सबक सिखाने की बात कही तब कुछ घंटे बाद ही पलटवार करते हुए मोदी ने ट्वीट किया, मैंने किसी नेता का नाम नहीं लिया, फिर क्यों तिलमिला गए। चोर की दाढ़ी में तिनका। तय करें भाजपा के दोस्त हैं या शत्रु?
             
सिन्हा ने अपने ट्वीट में मोदी का नाम लिए बगैर कहा था, कोई भी यह विश्वास नहीं कर सकता कि पार्टी से मेरे निष्कासन की बात कही गई है, भाजपा के आदरणीय नेता भोला बाबू ने सही पूछा है कि उन्होंने किस हैसियत से पार्टी से मेरे निष्कासन की मांग की है। आरोप लगाने के पूर्व उन्हें खुद अपने अंदर झांक कर देख लेना चाहिए कि उनका व्यक्तित्व और उनकी कार्यशैली कहां पर है। यह उचित समय है कि वे स्वयं सीख लें या पार्टी आलाकमान उन्हें सबक सिखाए। 
              
उल्लेखनीय है कि दो दिन पूर्व सिन्हा ने राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के समर्थन में ट्वीट करते हुए सुशील मोदी पर नकारात्मक राजनीति करने का आरोप लगाया था। इसके जवाब में मोदी ने बिना नाम लिए कहा कि गद्दार भाजपा के शत्रु को पार्टी से बाहर किया जाना चाहिए। मोदी के ट्वीट के बाद बेगूसराय से भाजपा के सांसद भोला प्रसाद सिंह ने उसी दिन सिन्हा के समर्थन में बयान दिया था। (वार्ता)