रविवार, 13 अक्टूबर 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. NCP leader and ex Maharashtra minister Baba Siddique shot dead in Mumbai
Last Updated :मुंबई , रविवार, 13 अक्टूबर 2024 (00:00 IST)

Baba Siddique Death : मुंबई में बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या, NCP अजित गुट के थे नेता

Baba Siddique Death : मुंबई में बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या, NCP अजित गुट के थे नेता - NCP leader and ex Maharashtra minister Baba Siddique shot dead in Mumbai
NCP leader Baba Siddique shot dead in Mumbai : महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और अजित पवार के राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) गुट के नेता बाबा सिद्दीकी की शनिवार शाम बांद्रा पूर्व में उनके बेटे जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के पास तीन अज्ञात हमलावरों ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। 3 अज्ञात लोगों द्वारा बाबा सिद्दीकी पर गोलियां चलाने के बाद वह घायल हो गए और उन्हें तुरंत लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने इस मामले में 3 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है।
 
शहर पुलिस ने हमले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन गोलीबारी की घटना के पीछे का मकसद अभी तक पता नहीं चल पाया है। बाबा सिद्दीकी 1999, 2004 और 2009 में लगातार 3 बार विधायक रहे और 2004-08 तक खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, श्रम और एफडीए राज्य मंत्री के रूप में भी कार्य किया। 

शाहरुख-सलमान की दोस्ती कराई थी : बाबा सिद्दीकी हर साल रमजान के दौरान अपनी इफ्तार पार्टी के लिए सुर्खियों में रहते हैं। इसमें राजनीतिक हस्तियों के साथ बड़े फिल्मी सितारे भी शामिल होते हैं। उनकी पार्टी में बॉलीवुड अभिनेता सलमान और शाहरुख खान तक नजर आ चुके हैं। कहा जाता है कि सलमान और शाहरुख के बीच सुलह भी बाबा सिद्दीकी ने ही कराई थी।

इसी फरवरी में कांग्रेस छोड़ी थी : महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी ने इसी साल 8 फरवरी को कांग्रेस छोड़ी थी। 2 दिन बाद 10 फरवरी को अजित पवार की नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) में शामिल हो गए थे। सिद्दीकी ने मुंबई में डिप्टी सीएम अजित पवार और NCP के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल सहित दूसरे नेताओं की मौजूदगी में पार्टी जॉइन की थी।
क्या बोले मुख्यमंत्री : महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और मैंने डॉक्टरों और पुलिस से बात की है। दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, आरोपी यूपी और हरियाणा के हैं। तीसरा आरोपी फरार है। हमने मुंबई पुलिस को निर्देश दिए हैं कि कानून-व्यवस्था को अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए...मुझे यकीन है कि मुंबई पुलिस जल्द ही तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लेगी...आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कानून व्यवस्था चिंता का विषय : प्रमुख शरद पवार ने ट्वीट किया, "राज्य की ध्वस्त कानून व्यवस्था चिंता का विषय है। मुंबई में पूर्व राज्य मंत्री बाबा सिद्दीकी पर गोलीबारी दुखद है...इसकी न केवल जांच होनी चाहिए बल्कि जिम्मेदारी स्वीकार कर सरकार के पद से हटना भी चाहिए। बाबा सिद्दीकी को भावभीनी श्रद्धांजलि।
 
चौंकाने वाली खबर : NCP-SCP सांसद सुप्रिया सुले ने ट्वीट किया कि चौंकाने वाली खबर! बाबा सिद्दीकी नहीं रहे। कथित तौर पर उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह बिल्कुल अस्वीकार्य है जब सत्तारूढ़ सरकार के गठबंधन का एक सदस्य अपने ही बेटे के कार्यालय में असुरक्षित है और उसकी हत्या कर दी जाती है, वह भी मुंबई में, यह महाराष्ट्र में कानून और व्यवस्था की स्थिति के बारे में बहुत कुछ बताता है! 


क्या बोले अजित पवार : महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने ट्वीट कर कहा, "NCP नेता, पूर्व राज्य मंत्री, लंबे समय से विधानमंडल में रहे मेरे सहयोगी बाबा सिद्दीकी पर गोलीबारी की घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण, निंदनीय और दर्दनाक है। मुझे यह जानकर झटका लगा कि इस घटना में उनकी मृत्यु हो गई। मैंने अपना अच्छा सहयोगी और दोस्त खो दिया है। मैं इस कायरतापूर्ण हमले की कड़ी निंदा करता हूं। मैं बाबा सिद्दीकी को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।