बुधवार, 16 अप्रैल 2025
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Karnataka Cabinet expansion : 24 ministers set to be sworn in
Written By
Last Modified: शनिवार, 27 मई 2023 (07:30 IST)

कर्नाटक में आज मंत्रिमंडल विस्तार, 24 विधायक लेंगे मंत्री पद की शपथ

Karnataka Cabinet expansion
Karnataka Cabinet expansion : कर्नाटक में सरकार गठन के एक हफ्ते बाद आज सिद्धारमैया सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार होगा। कांग्रेस ने शुक्रवार को उन 24 विधायकों की सूची जारी की, जिन्हें शनिवार को मंत्री के रूप में शपथ दिलाई जाएगी।
 
कर्नाटक में शनिवार दोपहर मंत्रिमंडल विस्तार होगा और मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी। वरिष्ठ विधायक एच के पाटिल, कृष्ण बायरेगौड़ा, एन चेलुवरायस्वामी, के वेंकटेश, डॉ. एच सी महादेवप्पा, प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष ईश्वर खंडरे और प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष दिनेश गुंडु राव उन विधायकों में शामिल हैं, जो आज मंत्री पद की शपथ लेंगे।
 
के एन राजन्ना, शरणबसप्पा दर्शनपुर, शिवानंद पाटिल, रामप्पा बलप्पा तिम्मापुर, एस एस मल्लिकार्जुन, शिवराज संगप्पा तंगदागी, डॉ. शरण प्रकाश रुद्रप्पा पाटिल, मंकल वैद्य, लक्ष्मी हेब्बलकर, रहीम खान, डी सुधाकर, संतोष लाड, एन एस बोसेराजू, सुरेश बी एस, पूर्व मुख्यमंत्री एस बंगारप्पा के बेटे मधु बंगारप्पा, डॉ. एम सी सुधाकर और बी नागेंद्र को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी।
 
कांग्रेस द्वारा जारी मंत्रियों की सूची में 4 लिंगायत और 4 वोक्कलिगा विधायक शामिल हैं। 3 विधायक अनुसूचित जाति, 2 अनुसूचित जनजाति और 5 अन्य पिछड़ा वर्ग से ताल्लुक रखते हैं। दिनेश गुंडु राव के रूप में ब्राह्मणों को भी कर्नाटक मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व हासिल हुआ है।
 
पुराना मैसूर और कल्याण कर्नाटक क्षेत्र से सात-सात विधायक, कित्तूर कर्नाटक क्षेत्र से छह और मध्य कर्नाटक से दो विधायक मंत्री के रूप में शपथ लेंगे।
 
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री सिद्दरमैया और उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार सहित 10 मंत्रियों को 20 मई को शपथ दिलाई गई थी, जबकि 24 अन्य विधायकों को शनिवार को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा।
 
हालांकि, कर्नाटक में मंत्रियों को अब तक विभागों का आवंटन नहीं किया गया है। हालांकि, मंत्री के एच मुनियप्पा ने कहा कि मंत्रियों के विभागों की घोषणा शनिवार शाम तक की जा सकती है।