1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Goa nightclub fire : ajay gupta admitted in hospital
Last Modified: नई दिल्ली , बुधवार, 10 दिसंबर 2025 (11:56 IST)

गोवा अग्निकांड पर बड़ा खुलासा, हादसे के बाद अस्पताल में छिपा था अजय गुप्ता

ajay gupta
Goa club fire : गोवा के नाइट क्लब में भीषण अग्निकांड के मामले में पुलिस ने लूथरा ब्रदर्स के बिजनेस पार्टनर अजय गुप्ता समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दावा किया कि हादसे के बाद अजय गुप्ता एक अस्पताल में मरीज बनकर छिपा हुआ था।
 
मीडिया खबरों के अनुसार, अजय गुप्ता दिल्ली के एक प्राइवेट अस्पताल में स्पाइन की बीमारी का हवाला देकर भर्ती हुआ था। उसे गोवा पुलिस ने दिल्ली पुलिस की मदद से गिरफ्तार किया गया।
 
अजय गुप्ता को आज अदालत में पेश किया जाएगा। वहां से उसे रिमांड पर लेकर पुलिस उससे पूछताछ करेगी। बहरहाल गुप्ता ने लापरवाही का सारा दोष क्लब के मालिकों सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा पर डाला है। उसका कहना है कि वह क्लब का स्लिपिंग पार्टनर था।
 
हादसे के कुछ ही घंटों बाद क्लब के मुख्य मालिक सौरभ और गौरव लूथरा इंडिगो विमान से थाईलैंड फरार हो गए थे। यहां से उनके दुबई पहुंचने की भी खबर है। उनके खिलाफ इंटरपोल का ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया है। 
 
इतना तो साफ है कि लूथरा भाई अगर यूएई में गिरफ्तार होते हैं तो उनका भारत प्रत्यर्पण हो सकता है। लेकिन कई कानूनी पेच हैं। इसी की वजह से कहा जा सकता है कि लूथरा भाइयों को दुबई से भारत लाना आसान नहीं होगा। बताया जा रहा उन्होंने दिल्ली की रोहिणी अदालत में अग्रिम जमानत याचिका भी दाखिल की है।
 
हादसे के बाद लुथरा ब्रदर्स के 2 क्लबों पर गोवा में बुलडोजर एक्शन लिया जा चुका है। गोवा सरकार ने राज्य के सभी अवैध क्लबों पर बुलडोजर एक्शन की तैयारी कर ली है।
 
गौरतलब है कि गोवा के रोमियो लेन स्थित बिर्क नाइट क्लब में 7 दिसंबर को भीषण आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई थी। इनमें क्लब के 20 स्टाफ सदस्य और पांच पर्यटक थे।पुलिस ने शुरुआती जांच में बताया कि आग की वजह सिलेंडर विस्फोट हो सकता है।
edited by : Nrapendra Gupta