Last Modified: रामपुर ,
सोमवार, 29 अप्रैल 2013 (19:06 IST)
सलमान खुर्शीद की सोच घटिया-आजम खान
रामपुर। अमेरिका के बोस्टन मे उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ मंत्री आजम खान के साथ हुए बुरे बर्ताव के विरोध मे राज्य सरकार ने आगामी बीस मई को भेजे जाने वाले प्रतिनिधिमंडल के कार्यक्रम को अब रद्द कर दिया है।
FILE
अमेरिका से रविवार देर रात वापस आए खान ने सोमवार को कहा कि विरोध स्वरूप राज्य सरकार ने अपना प्रतिनिधिमंडल नहीं भेजने का निर्णय लिया है। खान ने आज फिर कहा कि उनके खिलाफ बुरे बर्ताव के पीछे केन्द्र सरकार की साजिश थी। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि कोई मेरी जेब में अमेरिकी राष्ट्रपति के घर 'व्हाइट हाउस' का नक्शा डाल देता तो उनके साथ और न जाने कैसा सलूक किया जाता।
खान ने फिर दोहराया कि उनके साथ हुए बर्ताव में केन्द्रीय विदेशमंत्री सलमान खुर्शीद की साजिश थी। उन्होंने कहा कि सलमान घटिया सोच के व्यक्ति हैं तथा मुसलमानों की तरक्की के दुश्मन भी।
विदेशमंत्री का मोहम्मद जौहर विश्वविद्यालय खोले जाने पर यह कहना कि ऐसा विश्वविद्यालय तथा भारतीय तकनीकी संस्थान रामपुर में ही क्यों, उनकी घटिया सोच को सामने लाता है।
मुसलमान होने के कारण अमेरिका मे अपमानित किए जाने के बयान से पलटते हुए उत्तरप्रदेश के शहरी विकास मंत्री खान ने कहा कि अमेरिका में हर विशिष्ट तथा सामान्य भारतीयों के साथ जांच के नाम पर बुरा बर्ताव किया जाता है।
आजम ने कहा कि उनके साथ हवाई अड्डे पर बदसलूकी हुई जिसका उन्होंने विरोध किया। वहां जाने वाले हर विशिष्ट और सामान्य भारतीयों के साथ ऐसा ही व्यवहार किया जाता है और केन्द्र सरकार उसका कोई प्रतिवाद नहीं करती।
खान ने कहा कि केन्द्र सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि जाति, धर्म और समुदाय के नाम पर अमेरिका में होने वाले बुरे बर्ताव पर अपनी आपत्ति दर्ज कराए। केन्द्र सरकार को इस मामले में कड़ा रुख अपनाना चाहिए। (वार्ता)