Daily Horoscope
✕

आषाढ़ी एकादशी पर निकलेगी पंढरपुर की दिंडी यात्रा, वारकरी करेंगे विट्ठल जी के दर्शन

17 जुलाई 2024 बुधवार को लगेगा पंढरपुर में मेला, विट्ठल देव की करेंगे पूजा

Written By WD Feature Desk
Updated: सोमवार, 15 जुलाई 2024 (18:27 IST)
Dindi Yatra of Pandharpur: देवशयनी यानी आषाढ़ी एकादशी पर महाराष्ट्र के कोने-कोने से वारकरी पालकियों और दिंडियों के साथ पंढरपुर में विट्ठल के दर्शन को पहुंचेंगे। महाराष्ट्र में वारी की परंपरा 700 साल पुरानी है। लाखों श्रद्धालु कई दिनों की पैदल यात्रा करके महाराष्ट्र के ईष्टदेव दर्शन करने पंढरपुर पहुंचते हैं। इस बार 17 जुलाई 2024 बुधवार के दिन लगेगा पंढरपुर में मेला।
 
कहां है पंढरपुर : पंढरपुर महाराष्ट्र का एक सुविख्यात तीर्थस्थल है। जो भीमा नदी के तट पर बसा है, यह तीर्थस्थल सोलापुर जिले में है। भीमा नदी को चंद्रभागा के नाम से भी जाना जाता है।
 
किसे कहते हैं वारकरी : महाराष्ट्र अनेक महान संतों की कर्मभूमि है, इसीलिए प्रतिवर्ष देवशयनी एकादशी पर इन संतों के जन्म या समाधि स्थलों से ये पालकियां व दिंडियां निकलती हैं, जो लंबा सफर तय कर पंढरपुर पहुंचती हैं। हर वारकरी की जीवन की अंतिम अभिलाषा यही होती है कि प्रभु, हमें मुक्ति न देते हुए फिर मानव जन्म ही देना ताकि हर जन्म में विट्ठल की भक्ति का लाभ मिल सकें। इन पालकियों के साथ एक मुख्य संत के मार्गदर्शन में समूह यानी दिंडी यानी कीर्तन और भजन मंडली साथ चलती है, जिसमें शामिल होते हैं वारकरी। महाराष्ट्र में ईश्वर के सगुण-निर्गुण और बहुदेव रूप की विविधता को एकरूप या एकता में बांधने का कार्य किया है वारकरी संप्रदाय ने।
 
देवशयनी और देवोत्थान एकादशी को वारकरी संप्रदाय के लोग यहां यात्रा करने के लिए आते हैं। यात्रा को ही 'वारी देना' कहते हैं। इस यात्रा क्रम में कुछ लोग अलंडि में जमा होते हैं और पुणे तथा जजूरी होते हुए पंढरपुर पहुंचते हैं। इनको ज्ञानदेव माउली की डिंडी के नाम से दिंडी जाना जाता है।
 
हर साल पंढरपुर की वारी (तीर्थयात्रा) करने वाला वारकरी कहलाता है,जो विठू का भक्त है। पंढरपुर के वारकरी संप्रदाय के उपास्य विट्ठल की प्राचीनता अट्ठाईस गुना अट्ठाईस यानी सात सौ चौरासी युगों से अधिक बताई जाती है। इतने लंबे समय से श्री विट्ठल अपने भक्त की दहलीज पर प्रतीक्षा में कमर पर हाथ धरे खड़े हैं कि वे उन्हें बैठने को तो कहे, जो अब तक भक्त ने कहा नहीं।
 
साल-दर-साल लाखों मील का सफर तय कर आने वाले सैलानी परिंदों के मानिंद है वारकरी। कितना सफर, किस राह से कितनी देर में, कब और कहां रुकना है, कहां भोजन करना है, सबका समय सालों-साल पीढ़ियों से तय है। वैसे तो कोई इसे भूलता नहीं और यदि कोई भूला भी तो उसे वहीं छोड़ वारी आगे बढ़ जाती है।
 
एक पीढ़ी खत्म, दूसरी आती है, कोई किसी से पूछता नहीं। चलते-चलते, उड़ते-उड़ते सब अपने-आप समझ जाते हैं। नई पीढ़ी हाथों-हाथ तैयार होती है। हर वारकरी एक दिंडी का सदस्य होता है, जिसका एक नंबर व चलने का क्रम तय है, जिसमें अनुशासन सिखाने के लिए रिंग मास्टर नहीं होता। सब अपने रिंग मास्टर खुद होते हैं।
 
सास-बहू व भाई-भाई के आपसी झगड़े वारी में शामिल होने पर कैसे खुद-ब-खुद खत्म हुए, इसके तो कई किस्से सुनने को मिल जाएंगे। वारी के 20 दिनों में जमा सुख की पूंजी को सालभर किफायत के साथ खर्च करते रहना और इंतजार करना फिर अगली वारी का, यही वारी का सीधा सच्चा मैनेजमेंट होता है। एक दिंडी यानी 250-300 लोगों का परिवार, जो सालभर एक-दूसरे के संपर्क में रहता है। वारी के दौरान प्यार आत्मीयता के साथ लाया नाश्ता लड्डू-चकली, चिवड़ा एक-दूसरे को खिलाते अपनी दुनियादारी का दर्द बांटते हैं। 
 
हर दिंडी का एक मुखिया होता है, जिसके पास खर्च हेतु वारकरी रुपए-पैसे जमा करते हैं। सामान लाने ले-जाने हेतु किराए का टेम्पो भी तय होता है, जिस पर मुखिया अगले मुकाम पर पहले ही से पहुंच कर खाने-पीने का बंदोबस्त करता है, यही उसकी वारी है। खर्च के पैसे वह कभी भी खुद पर खर्च नहीं करता, न ही कभी ऐसा हुआ हो कि कोई पैसे लेकर चंपत हुआ हो। सारा व्यवहार बिलकुल साफ पारदर्शी इंसान की ईमानदारी पर विश्वास रखने वाला।

लेखक के बारे में
WD Feature Desk
अनुभवी लेखक, पत्रकार, संपादक और विषय-विशेषज्ञों द्वारा लिखे गए गहन और विचारोत्तेजक आलेखों का प्रकाशन किया जाता है।.... और पढ़ें

Show comments

सभी देखें

Aaj ka panchang: आज का शुभ मुहूर्त: 22 नवंबर 2026: रविवार का पंचांग और शुभ समय

घर में कहां रखें मनी प्लांट? जानिए वास्तु का सही नियम

Dev Diwali 2026: 24 नवंबर को है पुष्कर महास्नान, जानें क्यों इसके बिना अधूरी मानी जाती है चार धाम की यात्रा

Lal Kitab Singh Rashifal 2027: छठे भाव के राहु दिलाएंगे शत्रुओं पर विजय, पर अष्टम शनि से रहना होगा सावधान! जानें सिंह राशि का पूरा हाल

देव दिवाली पर कैसे करें दीपदान? जानिए पूजा की सही विधि, शुभ मुहूर्त और दीप जलाने के नियम

सभी देखें

Lal Kitab Kark Rashifal 2027: 3 जून से कर्क राशि की कड़ी परीक्षा, जानें शनि-राहु से बचने के लाल किताब के अचूक उपाय

Rahu Gochar 2026: मकर राशि में स्पष्ट राहु की एंट्री से बदलेगी इन 5 राशियों की तकदीर, शुरू होगा सुनहरा दौर

25 नवंबर को गुरु के नक्षत्र में प्रवेश करेंगे बुध, इन 5 राशियों के शुरू होंगे अच्छे दिन; होगा बड़ा धन लाभ

देव दिवाली पर कितने दीपक जलाना होता है शुभ? जानिए दीपदान की सही संख्या और धार्मिक महत्व

रवि प्रदोष व्रत पर क्या करें और क्या नहीं? जानिए पूजा के नियम, जरूरी सावधानियां और व्रत का फल

अगला लेख