dharma sangrah
✕

इसिनबाएवा का सपना टूटा

Written By वार्ता
Updated: मंगलवार, 7 अगस्त 2012 (17:53 IST)
FILE
लंदन ओलिंपिक में स्वर्णिम हैट्रिक के लक्ष्य के साथ उतरी रूस की विश्व रिकॉर्डधारी पोल वाल्टर येलेना इसिनबाएवा का सुंदर सपना इन खेलों के 10वें दिन सोमवार को 4.75 मीटर की ऊंचाई पार करने में विफल रहने के साथ टूट गया।

अमेरिका की जेनिफर सहर ने इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता। रूस की इसिनबाएवा ने पहले प्रयास में 4.55 मी की ऊंचाई पार की। दूसरे प्रसास में उन्होंने इसे बढ़ाकर 4.65 मी. पहुंचा दिया। तीसरे प्रयास में वे 4.70 मी तक पहुंच गईं, लेकिन वे 4.75 मी. ऊंचाई को पार नहीं कर सकीं। हालांकि इसिनबाएवा के नाम 5.06 मीटर का विश्व रिकॉर्ड है।

अमेरिकी एथलीट ने 4.75 मीटर की ऊंचाई पार कर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। क्यूबा की यारिस्ले सिल्वा ने भी यह ऊंचाई पार की, लेकिन काउंटबैक के आधार पर उन्हें रजत पदक मिला। इसिनबाएवा को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

लगातार दो ओलिंपिक में स्वर्ण विजेता और 2008 में 5.06 मी का रिकॉर्ड बना चुकीं इसिनबाएवा को स्वर्ण का प्रबल दावेदार माना जा रहा था, लेकिन वे ऐसा करने में कामयाब नहीं हो सकीं जबकि बीजिंग में रजत विजेता रहीं सहर ने इस बार स्वर्ण अपने कब्जे में कर ही लिया।

एथलेटिक्स और तैराकी जैसे अपने किलों में नाकामी से जूझ रहे अमेरिका के स्वर्ण पदकों की संख्या सहर के इस स्वर्ण की बदौलत अब 29 पर पहुंच गई हैं। इन खेलों में 10 दिन का सफर पूरा हो जाने पर चीन अब भी पदक तालिका में शीर्ष पर बना हुआ है।

उनके खाते में 31 स्वर्ण, 19 रजत और 14 कांस्य समेत कुल 64 पदक हैं जबकि अमेरिका 29 स्वर्ण, 15 रजत और 19 कांस्य समेत कुल 63 पदक लेकर दूसरे स्थान पर हैं। तीसरे स्थान पर मौजूद ब्रिटेन के खाते में 18 स्वर्ण, 11 रजत और 11 कांस्य समेत कुल 40 पदक हैं।

अब तक आश्चर्यजनक रूप से पीछे चल रहे रूस ने थोड़ा सुधार करते हुए सात स्वर्ण पदकों के साथ छठा स्थान हासिल कर लिया है। इसिनबाएबा अगर स्वर्ण जीत पातीं तो निश्चित रूप से रूस तालिका में शीर्ष पांच में अपना स्थान फिर से हासिल कर लेता।

एथलेटिक्स में कैरेबियाई द्वीप ग्रेनेडा के 19 वर्षीय किरानी जेम्स 400 मी दौड़ और उनके पड़ोसी देश डोमिनिका के 34 वर्षीय फेलिक्स सांचेज 400 मी. बाधा दौड़ में धमाकेदार जीत के साथ पूरी तरह छा गए। ओलिंपिक इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ कि 400 मी. के फाइनल में कोई अमेरिकी एथलीट ट्रैक पर नहीं रहा।

सांचेज तो 400 मीटर बाधा दौड़ जीतने के बाद पदक मिलने तक अपने आंसू ही नहीं रोक पाए। एथलेटिक्स ट्रैक पर छोटी दूरी की स्पर्धाएं हमेशा से अमेरिका की दखल वाली रही हैं, लेकिन इस बार 400 मी दौड़ में पोडियम पर मौजूद तीनों खिलाड़ी कैरेबियाई द्वीपों के रहे। हालांकि स्वर्ण विजेता किरानी अलबामा के एक कॉलेज में पढ़ते हैं।

सांचेज ने 47.63 सेकंड का सत्र का सबसे तेज समय निकालते हुए 400 मी. बाधा दौड़ का स्वर्ण आठ वर्ष बाद दोबारा अपने नाम किया। स्पर्धा का रजत अमेरिका के माइकल मिन्स्ले और कांस्य पोलैंड के जेवियर कलसन को गया। प्रतियोगिता शुरू होने के पहले ही पदक के दावेदार माने जा रहे किरानी ने 43.94 सेकंड लेकर ग्रेनेडा के लिए राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने के साथ स्वर्ण जीता।

डोमिनिका के लुगेलिन सांतोस को रजत और त्रिनिडाड एंड टोबैगो के लालोंदे गोर्डोन को कांस्य पदक मिला। ओलिंपिक में दूसरी बार हो रही महिलाओं की 3000 मी स्टीपलचेज का स्वर्ण रूस की यूलिया जारीपोवा ने 9 मिनट 6.72 सेकंड के अपने सर्वश्रेष्ठ समय के साथ जीता जबकि महिला गोला फेंक में न्यूजीलैंड की वालेरी एडम्स ने स्वर्ण जीता।

एथलेटिक्स ट्रैक पर नाटकीय घटनाक्रम देखने को मिला जब अल्जीरिया के मध्यम दूरी के धावक मखलौफी को 800 मी. में जानबूझकर पूरा प्रयास नहीं करने के कारण ओलिंपिक से बाहर करने का ऐलान किया गया लेकिन कुछ घंटों बाद ही उन्हें मंगलवार की 1500 मी. की रेस में उतरने की अनुमति मिल गई। (वार्ता)

लेखक के बारे में
वार्ता
Show comments

सभी देखें

गर्मियों की जगह ठंड में IPL कराने को फ्रैंचाइजियां हुई लामबंद, चावला के विचार को वाडिया का समर्थन

भारत के लिए WTC Final खेल चुका यह विकेटकीपर अब खेलेगा UAE के लिए

100वें शतक द्वारा बनाया गया बल्ला सचिन करेंगें संग्रहालय में दान

हार्दिक बने पंजाबी, अर्शदीप बने मुंबईया, IPL की सबसे बड़ी ट्रेड डील हुई साइन

2 ओलंपिक मेडल जीतने वाली मनु भाकर ओलंपिक के लिए नहीं कर पाई क्वालिफाई