• Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. बीजिंग ओलिम्पिक-2008
  4. »
  5. समाचार
Written By भाषा

कीर्तिमान बनाने और तोड़ने वाले बुबका

कीर्तिमान बनाने और तोड़ने वाले बुबका -
वर्तमान में येलेना इसिनबाएवा पोल वॉल्ट में महिला वर्ग की किसी भी अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में सभी के लिए चुनौती बनी हुई हैं। एक समय यही हाल सोवियत संघ तथा विश्व के सर्वश्रेष्ठ पोल वॉल्टर सर्गेई बुबका का था। पोल वॉल्ट के बुबका चलते-फिरते रिकॉर्ड थे। एक अदद ओलिम्पिक स्वर्ण ही रह गया था, जो बुबका की झोली में नहीं आया था।

कारण सिर्फ यही था कि सोवियत संघ लॉस एंजिल्स ओलिम्पिक में नहीं था। पर जैसे ही बुबका को सोल 1988 में अवसर मिला पोल वॉल्ट का यह कीर्तिमानी कलाकार ओलिम्पिक स्वर्ण भी पा गया और बुबका की यह हसरत भी पूरी हो गई।

सर्गेई बुबका का जन्म बोराशिलोव्याद में हुआ था और उन्होंने अपने खेल जीवन की शुरुआत आइस हॉकी खिलाड़ी के रूप में की थी। एथलेटिक्स में उनकी रुचि अपने बड़े भाई बैसिली के अंतरराष्ट्रीय पोल वॉल्टिंग में नाम कमाने के कारण बढ़ी।

शीर्ष स्पर्धाओं में उन्होंने 1983 से भाग लेना शुरू किया- वे तोड़ना चाहते थे अपने ही देशवासी ब्लादिमीर पॉलियाकोव के 5.81 मीटर के कीर्तिमान को, पर फ्रांस के ओलिम्पिक स्वर्ण विजेता पियरे क्विनन ने इसे और एक सेंटीमीटर बढ़ा दिया। बगैर विचलित हुए बुबका ने वर्ष 1984 में तीन इंडोर रिकॉर्ड कायम किए तथा तीन महीने में चार बार विश्व रिकॉर्ड तोड़े।

1984 रोम विश्व एथलेटिक स्पर्धा की बात है, बुबका ने 5.85 मीटर पर ऊँचाई सेट कराई और स्वर्ण जीत लिया जबकि इसी वर्ष के ओलिम्पिक (एंजिल्स) में पियरे क्विनन 5.75 से स्वर्ण ले गए।

कारण सिर्फ यही कि रूस के बहिष्कार के कारण बुबका ने ओलिम्पिक में हिस्सा लिया था। अगले वर्ष बुबका ने यूरोपियन कप एवं विश्व कप जीता तथा 6 मीटर की ऊँचाई पार करने वाले विश्व के पहले पोल वॉल्टर बने।

1986 प्राग में उन्होंने 6.03 मीटर की ऊँचाई नापी। ओलिम्पिक 88 के पूर्व बुबका अपने ही बनाए रिकॉर्ड को नौ बार तोड़ चुके थे तथा 6.06 मीटर पर पहुँच चुके थे। उन्हें इंतजार था सोल का।

सोल में पोल वॉल्ट के तीनों पदक रूस के रहे, निश्चित ही 5.90 मीटर लाँघकर स्वर्ण के हकदार बुबका ही बने। बुबका की सोच थी 'जीतने के लिए दो प्रयत्न तथा विश्व रिकॉर्ड बनाने के लिए तीन प्रयत्न आवश्यक होते हैं।' ऐसी सोच ही उनसे विश्व कीर्तिमान बनवा लेती थी।