सिंगापुर में रहने वाले एक भारतीय को हत्या के जुर्म में यहाँ के उच्च न्यायालय ने मौत की सजा सुनाई है। पाथिप सेलवन सुगुमारन पर अपनी पूर्व प्रेमिका जीविथा पनिअप्पन (18) की हत्या करने का आरोप था। उसने आरोपों से इंकार नहीं किया लेकिन कहा कि जीविथा की तीखी टिप्पणी के चलते वह उसकी हत्या करने के लिए विवश हुआ।
उसने अदालत को बताया कि जीविथा ने उसे ताना देते हुए कहा था कि सेक्स के मामले में उसका नया प्रेमी उससे बेहतर है। जीविथा आठ जुलाई 2008 को मृत पाई गई थी जिसके शरीर पर जख्म के 15 निशान थे। इनमें से तीन वार अत्यंत घातक थे।
स्ट्रेट टाइम्स में छपी एक खबर के अनुसार अदालत ने पाथिप के इस तर्क को खारिज कर दिया कि वह आत्म नियंत्रण खो बैठा और चाकू घोंपते समय उसका दिमाग 'खाली’ हो गया। अदालत ने मनोचिकित्सक टोमी टैन की गवाही को भी खारिज कर दिया जिसने पाथिप को एक मानसिक समस्या से ग्रस्त बताया। कल जब सजा सुनाई गई तो उस समय अदालत कक्ष खचाखच भरा था। बचाव पक्ष के वकील सुभाष आनंदन ने कहा कि उनका मुवक्किल सजा के खिलाफ अपील करेगा। (भाषा)