• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
Written By भाषा
Last Modified: नई दिल्ली , बुधवार, 16 जुलाई 2014 (17:33 IST)

स्मृति को मिला कांग्रेस सदस्यों का समर्थन

स्मृति ईरानी
FILE
नई दिल्ली। लोकसभा में बुधवार को महिला सांसदों की एकजुटता उस समय दिखाई दी, जब तृणमूल कांग्रेस सदस्य सुल्तान अहमद ने मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी पर उनके एक्टिंग के करियर के बारे में कुछ टिप्पणी की और कांग्रेस की 2 महिला सांसद स्मृति के समर्थन में सामने आईं।

मध्याह्न भोजन योजना के बारे में पूरक प्रश्न पूछते हुए सुल्तान अहमद ने कहा कि मंत्री लोगों के घरों में आदर्श बहु के रूप में जानी जाती हैं। उन्होंने ‘सास भी कभी बहु थी’ धारावाहिक पूरा देखा है और उन्हें उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।

इस पर कांग्रेस सदस्य रंजीत रंजन और सुष्मिता देव ने अहमद की टिप्पणी का तत्काल विरोध किया और कहा कि सदन से इसका कोई लेना-देना नहीं है। इसके बाद अहमद को पीछे हटना पड़ा।

बाद में पूरक प्रश्न पूछने से पहले सुष्मिता देव ने अहमद की टिप्पणी के लिए खेद प्रकट किया और मानव संसाधन विकास मंत्री का पदभार ग्रहण करने पर स्मृति को बधाई देते हुए कहा कि एक महिला के तौर पर उन्हें उनकी (स्मृति) उपलब्धियों पर गर्व है। इस पर स्मृति ने उनका धन्यवाद किया। (भाषा)