• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By भाषा

रूस से प्रगाढ़ रिश्ते बनाएँगे-मनमोहन

मनमोहनसिंह सोनिया गाँधी रूस भारत
रूस के साथ भारत के रणनीतिक रिश्तों के अत्यधिक अहमियत वाले होने की घोषणा करते हुए प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह ने रविवार को कहा कि भारत ऊर्जा सुरक्षा, रक्षा और अन्य प्रमुख क्षेत्रों में रूस के साथ अपने संबंधों को और प्रगाढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है।

एयर इंडिया के विशेष विमान से दो दिवसीय रूस यात्रा के लिए मास्को रवाना होने से पहले सिंह ने एक बयान में कहा कि मैं उन्हें पुतिन को बताऊँगा कि रूस के साथ साझीदारी को भारत कितनी अहमियत देता है और यह भी कि यह साझीदारी दोनों देशों के लोगों के लिए कितने लाभ लेकर आई है।

उन्होंने कहा कि भारत-रूस रणनीतिक साझीदारी मित्रता का एक स्थायी महत्व है, जिसकी मजबूत ऐतिहासिक जड़ें हैं। सिंह ने कहा कि भारत व्यापार, निवेश, रक्षा, ऊर्जा, सुरक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और परस्पर हितों के दूसरे क्षेत्रों में रूस के साथ रिश्तों को और प्रगाढ़ करने को प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि भारत के साथ रूस के रिश्ते परंपरागत रूप से क्षेत्र में शांति और स्थायित्व का कारण रहे हैं। सिंह ने कहा कि वह इस बात से संतुष्ट है कि पारस्परिक विश्वास के मजबूत आधार तथा क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर साझा दृष्टिकोण दोनों देशों को गतिशील अंतरराष्ट्रीय माहौल में और निकट लाते रहेंगे।

उन्होंने कहा रूस के साथ बहुस्तरीय द्विपक्षीय सरोकार दीर्घकालिक हितों पर आधारित हैं। अपने दो दिवसीय आधिकारिक दौरे के दौरान दोनों देशों द्वारा कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाने की उम्मीद है जिनमें मध्यम श्रेणी के सैन्य परिवहन विमान का संयुक्त उत्पादन शामिल है।

रूस को भारत का जाँचा-परखा मित्र बताने वाले सिंह कल क्रेमलिन मे रूसी राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन से बातचीत करेंगे। यह बातचीत सात साल पहले शुरू हुई शिखर स्तरीय वार्षिक भारत रूस बैठक का ही हिस्सा है।

दो सालों के भीतर सिंह के दूसरे मास्को दौरे के पहले सुरक्षा मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति की गुरुवार को यहाँ बैठक हुई थी, जिसमें आठवें शिखर सम्मेलन के दौरान पूरा किए जाने वाले विविध महत्वपूर्ण समझौतों के लिए अनुमति दी गई। सिंह के मंगलवार तड़के स्वदेश लौटने की उम्मीद है।

रवानगी से पहले दिए गए अपने बयान में प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2000 में पुतिन के पहले भारत दौरे के साथ शुरू हुए वार्षिक शिखर वार्ताओं के दौर से दोनों देशों के रिश्ते और प्रगाढ़ हुए हैं।