Last Modified: नई दिल्ली ,
बुधवार, 16 जुलाई 2014 (18:50 IST)
भाजपा बना सकती है दिल्ली में सरकार
FILE
नई दिल्ली। भाजपा ने बुधवार को संकेत दिया कि उप राज्यपाल नजीब जंग द्वारा न्योता मिलने पर वह दिल्ली में सरकार बनाने पर विचार कर सकती है।
सूत्रों ने बताया कि भाजपा के सरकार बनाने का निर्णय करने पर वरिष्ठ नेता एवं पूर्व वित्त मंत्री जगदीश मुखी मुख्यमंत्री पद के मजबूत दावेदार हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी को अन्य पार्टियों से जरूरी समर्थन मिलने का विश्वास है।
भाजपा विधायकों से मुलाकात करने के बाद नवनियुक्त दिल्ली भाजपा प्रमुख सतीश उपाध्याय ने कहा कि उपराज्यपाल द्वारा सरकार बनाने का न्योता मिलने पर पार्टी सरकार बनाने पर विचार करेगी।
उन्होंने कहा कि हम उस पर विचार करेंगे (सरकार गठन पर) बशर्ते उपराज्यपाल नजीब जंग हमें बुलाएं। उन्होंने यद्यपि कहा कि इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता अंतिम निर्णय करेंगे।
उपाध्याय ने कहा कि उन्होंने मंगलवार को दिल्ली के सभी सात सांसदों के साथ बैठक की थी ताकि इस बारे में उनका विचार जाना जा सके कि क्या भाजपा को दिल्ली में सरकार बनानी चाहिए या ताजा चुनाव को तरजीह देनी चाहिए।
बुधवार को की बैठक में अधिकतर विधायक पार्टी द्वारा सरकार बनाने के पक्ष में थे। काफी संख्या में विधायकों ने ताजा चुनाव का सामना करने की अपनी अनिच्छा से पार्टी नेतृत्व को पहले ही अवगत करा दिया है और वे सरकार बनाने के पक्ष में हैं जबकि कुछ वरिष्ठ नेता इसके खिलाफ हैं।
भाजपा ने गत वर्ष दिसंबर में आयोजित दिल्ली विधानसभा चुनाव में 31 सीटें जीती थीं लेकिन उसके 3 विधायकों हषर्वर्धन, रमेश विधूड़ी और परवेश राणा के लोकसभा के लिए निर्वाचित होने पर उसके विधायकों की संख्या घटकर 28 रह गई।
भाजपा के सहयोगी अकाली दल ने 1 सीट पर जीत दर्ज की थी। भाजपा के 3 विधायकों के त्यागपत्र के बाद विधानसभा में विधायकों की संख्या घटकर 27 रह गई है और सरकार बनाने के लिए भाजपा को 5 और विधायकों की जरूरत होगी।
आप सरकार के त्यागपत्र के बाद गत 17 फरवरी को दिल्ली में राष्ट्रपति शासन लागू हो गया था। उम्मीद है कि उपराज्यपाल एक या दो महीने में राजनीतिक स्थिति पर केंद्र को रिपोर्ट भेजेंगे। केंद्रीय मंत्रिमंडल को इस संबंध में निर्णय करने की उम्मीद है कि राज्य में राष्ट्रपति शासन को और छह महीने के लिए बढ़ाना है या ताजा चुनाव कराना है।
इस बीच आप ने भाजपा पर अपने विधायकों की ‘खरीद-फरोख्त’ करने का आरोप लगाया है। (भाषा)