• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. yeti, Truth of Him Manav
Written By
Last Updated : मंगलवार, 30 अप्रैल 2019 (12:03 IST)

हिममानव की हकीकत, जानिए येति से जुड़ी हर जानकारी

हिममानव की हकीकत, जानिए येति से जुड़ी हर जानकारी - yeti, Truth of Him Manav
भारतीय सेना ने पहली बार हिममानव 'येति' की मौजूदगी का दावा किया है। इस संबंध में आर्मी ने ट्विटर पर कुछ फोटों भी जारी किए हैं, इनमें बर्फ पर कुछ निशान दिख रहे हैं और कहा जा रहा है कि ये निशान हिममानव 'येति' के हो सकते हैं। येति जाने-अनजाने यह अनजान ‘प्रजाति’ आज मशहूर हो गई है। इन्हें किताबों, फिल्मों, बच्चों की कामिक्स में तो स्थान मिल ही गया है, इस पर वीडियो गेम्स भी बनाए गए हैं। 
 
पहली बार चर्चा में - हिममानव या येति का सबसे पहला उल्लेख एक पर्वतारोही बी.एच. होजसन ने किया था। अपने हिमालय अभियान के अनुभवों में उन्होंने लिखा था कि सन् 1832 में उत्तरी नेपाल के पहाड़ी इलाके में उनके गाइड ने लंबे बालों वाले एक विशालकाय प्राणी को देखने की बात कही। होजसन ने साफ लिखा है कि उन्होंने कुछ नहीं देखा, लेकिन इस घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने अनजान प्राणी को यति नाम दिया। इसके बाद यति के देखे जाने और पदचिह्नों की पहचान किए जाने का लंबा इतिहास रहा है। कई पर्वतारोहियों ने अपनी किताबों में इसका उल्लेख किया है। हिमालय क्षेत्र ही नहीं, दुनिया के बाकी हिस्सों से भी ऐसी खबरें आती रहीं। हालांकि कोई भी अपनी बात साबित करने के लिए पुख्ता सबूत नहीं दे सका है। 
 
कैसा है हिममानव? : सन् 1925 में पेशेवर फोटोग्राफर तथा रायल जिओग्राफिकल सोसायटी के सदस्य एम.ए. टोमबाजी ने लिखा कि उन्होंने जेमू ग्लेशियर (कंगचनजंघा पर्वत माला) के पास 15,000 फुट की ऊँचाई पर बालों से ढंका एक विशालकाय प्राणी देखा है। टोमबाजी ने स्पष्ट रूप लिखा है कि उन्होंने उसे लगभग 200 मीटर दूरी से देखा। वे एक मिनट तक उसे निहारते रहे। उसकी शारीरिक बनावट पूरी तरह से इंसानी थी, लेकिन शरीर पर बहुत अधिक मात्रा में बाल थे। उसके तन पर कपड़े जैसी कोई चीज नहीं थी। 
 
सन् 1957 में येति के मल की जांच भी गई, लेकिन यह साफ नहीं हो सका कि अगर यह अवशिष्ट पदार्थ यति का नहीं है, तो किस जंतु का है? बीबीसी ने भी येति के बाल एकत्रित किए गए जाने और जांच के लिए भेजे जाने की खबर प्रकाशित की थी। इस रिपोर्ट में भी पता नहीं चल पाया था कि ये बाल किस पहाड़ी प्राणी के हैं। अब डीएनए विश्लषण किया जा रहा है।
 
खोपड़ी मिली! सन् 1960 में एवरेस्ट के विजेता सर एडमंड हिलेरी को कथित तौर पर हिमालय में येति की खोपड़ी मिली। उन्होंने इसे जांच के लिए पश्चिमी देशों में भेजा। उस समय यह बताया गया था कि खोपड़ी बर्फीले पहाड़ों पर पाए जाने वाले बकरी जैसे किसी जानवर की है। वैसे बड़ी तादाद में लोगों ने इस रिपोर्ट पर विश्वास नहीं किया। 
हिममानव की चीख- सन् 1970 में एक पर्वतारोहण अभियान पर हिमालय पर ब्रिटिश पर्वतारोही डान व्हिलान्स ने दावा किया कि उन्होंने यति के चिल्लाने की आवाज सुनी है। डान के मुताबिक, उन्होंने कुछ आवाजें सुनीं, तो उनके शेरपा गाइड ने बताया कि यति चिल्ला रहा है।
 
कुछ तो है- बहरहाल, अभी तक दर्जनों लोगों ने यति देखने के दावे किए हैं, लेकिन कोई भी पुख्ता सबूत पेश नहीं कर पाया है और विज्ञान ऐसे किसी सबूत के बिना येति के अस्तित्व पर मुहर नहीं लगा सकता है। इसको लेकर वैज्ञानिकों में भी मतभेद है। कुछ कह रहे हैं कि प्रमाण इतने नहीं हैं कि येति का होना घोषित कर दिया जाए। फिर भी विज्ञान के जानकारों का एक वर्ग ऐसा है, जो कह रहा है कि कुछ तो है। 
 
अमेरिका के पोकाटेलो में इदाहो विश्वविद्यालय में प्रोफेसर जेफ मेलड्रम का कहना है कि मैंने इस संबंध में मौजूदा सभी वैज्ञानिक प्रमाणों का अध्ययन किया है और इस नतीजे पर पहुँचा हूँ कि इस सृष्टि में कोई प्राणी ऐसा जरूर है, जिसकी पहचान होना बाकी है।
 
रामायण से जुड़ी कहानी- नेपाल में येति को राक्षस भी कहा जाता है। कुछ गंथों के मुताबिक कुछ नेपाली और हिमालय की तराई के इलाकों में राम और सीता के बारे में प्रचलित लोक कविताओं और गीतों में भी कई जगह येति का उल्लेख किया गया है। 
 
येति...आम बात है- इसी तरह येति या हिममानव और मानव की मुलाकातों के कई किस्से हिमालय पर्वतों के अनुभवी बूढ़े सुनाया करते हैं। भूटान में कुछ बुजुर्ग ऐसे हैं, जिनके लिए हिममानव कोई आश्चर्य की बात नहीं है। उनके मुताबित, उनके जमाने में हिममानव दिखना सामान्य बात थी। 77 साल के सोनम दोरजी का कहना है कि येति का इतिहास सदियों पुराना है और वे आज भी मौजूद हैं। 
 
सांस्कृतिक प्रतीक येति: नेपाल और तिब्बत में हिममानव को यति कहा जाता है। येति आज सांस्कृतिक प्रतीक बन गया है। अबूझ पहेली बनी सृष्टि की इस रचना पर कई किताबें लिखी गई हैं, वीडियो तथा फिल्में बनाई जा चुकी हैं। 
 
इस आमतौर पर एक घृणित शोमैन के रूप में दिखाया गया है। ‘द एबोमिनेबल शोमैन’, ‘डाक्टर हू’, ‘बग्स बनी कार्टून’, ‘देट्स शो घोस्ट’, ‘द माइटी बुश’, ‘काल आफ ए यति’ जैसे टीवी शो में येति को एक शैतान के रूप दिखाया गया है। बालीवुड फिल्म ‘अजूबा कुदरत का’ में भी येति को दिखाया गया है। यह ऐसी लड़की की कहानी है, जो येति को दिल दे बैठती है। विदेशों में भी कई फिल्में बन चुकी हैं।
 
बहरहाल यह तो तय है कि आज तकनीक जितनी भी विकसित हो जाए पर प्रकृति के कुछ रहस्यों से पर्दा उठना अभी बाकी है।