Hanuman Chalisa
✕

चोटी के पीछे क्या है! कौन है चोटीकटवा.. चुड़ैल, मक्खी या शैतान बिल्ली...

Updated: बुधवार, 9 अगस्त 2017 (14:14 IST)
उत्तर भारत में इन दिनों एक अजीब सी ही अफवाह से लोगों खासकर महिलाओं में आतंक में फैला हुआ है। इसका कारण है एक ऐसा चोर जो चुराता है सिर्फ महिलाओं की चोटी.. चौंकिए नहीं पिछले एक माह के अंदर चोटीकटवा का आतंक राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, उत्तरप्रदेश और मध्यप्रदेश में छाया हुआ है। इनके अलावा बिहार, उत्तराखंड और कुछ अन्य राज्यों में भी चोटी काटने की घटनाएं सामने आ रही हैं। 
 
वैसे तो इसके पहले चोरों की निगाह पैसे, गहने और कीमती सामान पर होती थी लेकिन यह अनोखा चोटीचोर या चोटीकटवा केवल महिलाओं की चोटी ही चुराता है, वो भी रात के अंधेरे में। खास बात ये है कि ये चोर बेहद 'ईमानदार' भी है, क्योंकि चोटी के अलावा ये घर से कुछ भी लेकर नहीं जाता है। 
 
ये चोटी चोर देश के कई राज्यों में घूम रहा है, पलक झपकते ही महिलाओं की चोटी काटकर गायब हो जाता है। हालत यह है कि चोटीकटवा की दहशत से गांवों में लोग रातभर पहरा दे रह हैं, तो महिलाएं अपनी चोटी की हिफाजत के लिए सिर पर कपड़े बांधकर सो रही हैं। कहीं कहीं तो हैलमेट पहनकर सोने की खबरें भी आ रही हैं। इसके अलावा इससे बचने के लिए टोने-टोटके भी किए जा रहे हैं। कहीं घरों पर स्वास्तिक के निशान लगाए जा रहे हैं तो कहीं नींबू-मिर्च को दरवाजों पर बांधा जा रहा है। महिलाएं एक दूसरे को लहसुन साथ में रखने तथा घर के बाहर मेहंदी के छापे लगाने की सलाह भी दे रही हैं। 
 
आखिर कैसे शुरू हुआ चोटी कटने का सिलसिला : सबसे पहले राजस्थान की कुछ महिलाओं ने दावा किया की उनकी चोटी काटी गई। आग की तरह खबर स्थानीय अखबारों से लेकर सोशल मीडिया तक छा आ गई। यही नहीं, महिलाओं की कई तस्वीरें भी सामने आईं, जिसमें महिलाओं अपनी कटी हुई चोटियां दिखाती नजर आईं। 
 
हद तो तब हो गई जब पीड़ित महिलाओं ने कहा कि उनकी चोटियां कोई इंसान नहीं, बल्‍कि चुड़ैल काट रही है। इसके बाद तो सोशल मीडिया पर मैसेज भी वायरल हुआ कि एक चुड़ैल राजस्थान के कई गांवों में आधी रात को महिलाओं की चोटी काटती है और जिस महिला की चोटी काटी जाती है, उसकी कुछ दिनों के बाद मौत हो जाती है। हालांकि, इन दावों में कोई दम नहीं निकला और पुलिस ने बताया कि यह मैसेज असामाजिक तत्वों की करतूत है। 
 
इसके बाद कुछ महिलाओं ने दावा किया कि रात के अंधेरे में कोई आता है, जो उनकी चोटी काटकर मक्खी बनकर उड़ जाता है। इसके फर्जी फोटो तक सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गए और बाद में पता चला कि फोटो एक फिल्म के निकले। 
 
इसके बाद एक शैतान बिल्ली पर महिलाओं की चोटी काटने का आरोप लगा। गुरुग्राम की एक महिला ने दावा किया कि वो रात में सो रही थी और सुबह उठकर देखा तो उसकी चोटी कटी हुई थी। हद तो तब हो गई जब इस बारे में महिला के पति ने एक न्यूज चैनल पर आकर दावा किया कि उसकी पत्नी रात में सो रही थी, तब एक बिल्ली खिड़की से आई और वो उसकी पत्नी की चोटी काटकर चली गई। 
 
इसके अलावा एक त्रिशूल वाले साधु को भी चोटीकटवा बताया गया। एक महिला ने दावा किया कि जब मैं खाना बना रही थी, तो लाल और पीले कपड़े पहने एक दुबले-पतले शख्स के हाथ में एक त्रिशूल था, उसके बाद मैं बेहोश हो गई और जब होश आया तो मेरी चोटी कटी हुई थी।
 
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से भी हैरान करने वाली खबरें आई। एक महिला को लोगों ने पकड़कर खंबे से बांध दिया। राजस्थान के भरतपुर जिले में चोटी चोरी के आरोप में मानसिक रूप से कमजोर एक लड़के की पिटाई कर दी गई, जिससे दहशत में उसके भाई की मौत हो गई। पुलिस ने इस सिलसिले में 9 लोगों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा एक बुजुर्ग महिला के भी मारे जाने की खबर है। टीआरपी के लिए मीडिया ने भी अलग अलग शीर्षक से इस मुद्दे को खूब भुनाया। दूसरी ओर पुलिस ने चेतावनी दी है कि इस तरह की अफवाहें फैलाने वालों को जेल भेज दिया जाएगा। 

Show comments

Gold Price : सस्ता हुआ सोना, 10 दिन में 10000 रुपए टूटा, क्या अभी खरीदना सही या और गिरेंगे दाम?

Donald trump के लिए शी जिनपिंग ने तोड़ा प्रोटोकाल, क्‍या है यह निकटता जताने के मायने?

GitHub Copilot यूजर्स के लिए खुशखबरी! अब मिलेंगे OpenAI के GPT-6.2 Astra और Sol मॉडल, कोडिंग का काम होगा आसान

Hyundai Verna को Bharat NCAP क्रैश टेस्ट में मिली 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग, एडल्ट और चाइल्ड सेफ्टी में किया शानदार प्रदर्शन

इस्‍तीफे के बाद Nvidia के पूर्व CEO जेनसन हुआंग का परिवार के लिए भावुक संदेश, कहा- मेरी बाकी जिंदगी...

सभी देखें

EPFO : पीएफ के नियम में बड़ा बदलाव, अब 55 की उम्र से पहले 2 महीने में खाते से निकाल सकेंगे 90% पैसा

Yogi Adityanath : सपा के रोड शो में मासूम की हत्या, कई पीढ़ियां याद रखेंगी सजा, गोरखपुर में अखिलेश यादव पर बरसे CM योगी

PUC Certificate New Rules 2026 : बार-बार नहीं बनवाना होगा पीयूसी सर्टिफिकेट, जान लें नया नियम

'सपाइयों की उद्दंडता ने ली मासूम की जान', अखिलेश यादव पर बरसे ओम प्रकाश राजभर, मंदिर जाने को लेकर भी साधा निशाना

रोड शो में बच्‍चे की मौत पर सियासी बवाल, सीएम योगी का अखिलेश पर वार, सपा ने किया बीजेपी पर पलटवार

अगला लेख