• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. weather update : heat wave in delhi
Written By
Last Modified: रविवार, 17 अप्रैल 2022 (08:50 IST)

दिल्ली समेत कई राज्यों में लू का कहर, महाराष्‍ट्र के चंद्रपुर में पारा 44 डिग्री के पार

दिल्ली समेत कई राज्यों में लू का कहर, महाराष्‍ट्र के चंद्रपुर में पारा 44 डिग्री के पार - weather update : heat wave in delhi
नई दिल्ली।  राजधानी दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, गुजरात और राजस्थान में दिन के समय भीषण गर्मी पड़ रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, दिल्ली में फिर लू की स्थिति बन रही है।  दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। यहां अगले 2 दिन लू से राहत मिलने को कोई आसार नहीं नजर आ रहे हैं।
 
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में लू चलने की संभावना है। 
 
महाराष्ट्र के चंद्रपुर में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस : महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में शनिवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो राज्य में सबसे अधिक रहा। पूर्वी महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र के अन्य शहरों में भी गर्मी का प्रकोप बना रहा, जबकि चंद्रपुर, अकोला और नागपुर में सोमवार से लू चलने का अनुमान है।
 
ओडिशा में 15 जगह पारा 40 के पार : ओडिशा में शनिवार को कम से कम 15 स्थानों पर पारा 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर चले जाने से लोग चिलचिलाती धूप और उमस से बेहाल रहे। राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस सुवर्णपुर में रहा। बोलांगीर में पारा 43 डिग्री तक और आंगुल में 42.7 डिग्री तक चला गया। झारसुगुडा में अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 42.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया 
 
पंजाब और हरियाणा में भीषण गर्मी का प्रकोप : पंजाब और हरियाणा के ज्यादातर हिस्सों में शनिवार को भीषण गर्मी का प्रकोप बना रहा। 
 
चंडीगढ़ के मौसम विभाग की एक रिपोर्ट के अनुसार, हरियाणा के गुरुग्राम में 42.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया जबकि नारनौल में 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सिरसा और हिसार में तापमान क्रमश: 41.9 और 40.8 डिग्री सेल्सियस रहा। अंबाला का अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस जबकि भिवानी का अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रोहतक में अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
पंजाब के बठिंडा में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस जबकि होशियारपुर का अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमृतसर, लुधियाना और पटियाला में अधिकतम तापमान क्रमश: 38.3, 37.9 और 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
ये भी पढ़ें
अमेरिका में मॉल में गोलीबारी, 12 लोग घायल