dharma sangrah
✕

Weather Update : मध्य प्रदेश समेत 5 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानिए क्या है अन्य राज्यों का हाल?

Updated: मंगलवार, 15 जुलाई 2025 (08:21 IST)
Weather Update : बंगाल की खाड़ी से पूर्वी भारत की ओर बढ़ रहे सक्रिय मानसून सिस्टम के चलते अगले तीन दिनों के दौरान पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में भारी से अति भारी वर्षा की संभावना है। पूर्वी राजस्थान और पश्चिम मध्य प्रदेश में भी भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
 
पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम : मौसम एजेंसी स्कायमेट के अनुसार, पिछले 24 घंटों में मध्यप्रदेश, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, झारखंड, तमिलनाडु, और उत्तर प्रदेश कई स्थानों पर तेज बारिश हुई। छत्तीसगढ़, पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, केरल, लक्षद्वीप और अंडमान व निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश हुई। बिहार, पूर्वोत्तर भारत, आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, सौराष्ट्र व कच्छ और जम्मू-कश्मीर में हल्की वर्षा हुई।
 
हिमाचल में 4 की मौत : हिमाचल प्रदेश में बारिश के कहर के कारण चार लोगों की मौत हो गई। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने बताया कि कुल्लू और कांगड़ा जिलों में एक-एक व्यक्ति समेत कुल दो लोग डूब गए जबकि बिलासपुर में सर्पदंश से एक व्यक्ति की मौत हो गई और ऊंचाई से गिर जाने के बाद एक अन्य व्यक्ति मारा गया। राज्य में 200 से अधिक सड़कें वाहनों के आवागमन के लिए बंद हैं, जिनमें से अधिकांश मंडी में हैं। मानसून की शुरूआत यानी 20 जून के बाद से राज्य में वर्षाजनित घटनाओं में 61 लोगों की मौत हो चुकी है।
 
कोटा बैराज से पानी छोड़ा, 5 बहे : राजस्थान में कोटा जिले के खतौली में पिछले 24 घंटों के भीतर 198 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो राज्य में सबसे अधिक बारिश है। कोटा बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद चंबल नदी का जलस्तर अचानक बढ़ जाने के कारण सोमवार दोपहर पांच युवक नदी में बह गए।
 
वहीं एक अन्य घटना में जिले में एक उफनते नाले को स्कूटर से पास करने की कोशिश के दौरान 27 वर्षीय एक महिला बह गए। पुलिस ने बताया कि यह घटना दोपहर करीब 12:30 बजे रानपुर इलाके के रीको औद्योगिक क्षेत्र में हुई, जब रेलवे कॉलोनी निवासी सौम्या पॉल भारतीय हवाई अड्डा प्राधिकरण में एक पद के लिए भर्ती परीक्षा देकर अपने एक रिश्तेदार के साथ घर लौट रही थी। हादसे में महिला की मौत हो गई।
 
दिल्ली में गर्मी से राहत : दिल्ली में शाम के समय बारिश हुई, जिससे दिन भर की उमस भरी गर्मी से राहत मिली। हालांकि कुछ जगह जलजमाव व यातायात जाम होने की शिकायतें भी मिलीं। आईएमडी के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी की आधार वेधशाला सफदरजंग में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री कम है। रात 8.30 बजे तक, प्रगति मैदान में 4.9 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि दिल्ली के प्राथमिक मौसम केंद्र, सफदरजंग वेधशाला ने 9.2 मिमी बारिश दर्ज की। पूसा में 11.5 मिमी, पालम में 26.6 मिमी, नजफगढ़ में 17 मिमी और जनकपुरी में 4.5 मिमी बारिश हुई।
 
ओडिशा के 19 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट : ओडिशा में मौसम विभाग ने 30 में से 19 जिलों में भारी वर्षा का पूर्वानुमान जताया है। मौसम विभाग ने मछुआरों को अगले 24 घंटे तक बंगाल की खाड़ी के उत्तरी भाग में समुद्र में न जाने की चेतावनी दी है। उत्तरी ओडिशा में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने की संभावना है, जो 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं।
 
झारखंड में बाढ़ का अलर्ट : झारखंड के 12 जिलों में अचानक बाढ़ की चेतावनी जारी की गई है। झारखंड में मंगलवार पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे तक बोकारो, पूर्वी सिंहभूम, गढ़वा, गुमला, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा, पलामू, रांची, सरायकेला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम जिलों के लिए बाढ़ की चेतावनी जारी की गई है।
 
बिहार में मानसून सक्रिय : बिहार के कई जिलों में सोमवार को तेज बारिश हुई। राजधानी पटना में भी बारिश ने लोगों को गर्मी और उमस से राहत दी। जमुई, बक्सर, बेगुसराय, गया, नवादा, भोजपुर, रोहतास, मुंगेर समेत 18 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मौसम का मिजाज अभी अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही रहेगा। 
edited by : Nrapendra Gupta 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें

Show comments

लॉन्च हुआ नया सस्ता इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर, 165 KM तक की रेंज, 1 दिसंबर से शुरू होगी डिलीवरी

झारखंड में रील बनाने की कीमत जान देकर चुकाई, मोबाइल इस्तेमाल से नाराज माता-पिता ने 14 साल की बेटी की हत्या की

WhatsApp से विदेश में भी चलेगा आपका नंबर, ऐप के अंदर ही खरीद सकेंगे डेटा eSIM

कौन सा स्मार्टफोन सॉफ्टवेयर है बेहतर? जानें स्पीड, AI, मल्टीटास्किंग और फीचर्स का अंतर

लोकसभा में 50% बढ़ेंगी सीटें, 2029 से पहले महिला आरक्षण लागू करने की तैयारी, कैबिनेट ने परिसीमन बिल को दी मंजूरी

सभी देखें

परिसीमन बिल पर मोदी सरकार के मास्टस्ट्रोक से बिखर गया राहुल की अगुवाई वाला INDIA गठबंधन?

परिसीमन बिल पर केंद्र सरकार को मिला DMK का साथ, 22 लोकसभा सांसदों के समर्थन का ऐलान

कल्पना सोरेन संग अर्जुन मुंडा के आवास पहुंचे सीएम हेमंत सोरेन, सायरा मुंडा को दी श्रद्धांजलि

LIVE: इंडिया गठबंधन को बड़ा झटका, परिसीमन बिल को DMK का समर्थन

ऋषिकेश में 100 करोड़ की लागत से बनेगा अत्याधुनिक राफ्टिंग बेस स्टेशन, रोजगार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

अगला लेख