1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. WB-TMC-ED-Action-Political-Impact

ममता बनर्जी को बड़ा झटका, ED ने फ्रीज किए 440 करोड़, क्या होगा TMC पर इसका असर

ED Freeze TMC Bank Accounts
ED Freeze TMC Bank Accounts: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में सत्ता गंवाने के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कथित साइबर धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए TMC के तीन बैंक खातों में जमा 440 करोड़ रुपए के लेन-देन पर रोक लगा दी है। इस कार्रवाई ने बंगाल से लेकर दिल्ली तक के सियासी गलियारों में भूचाल ला दिया है, जिसे भाजपा और टीएमसी के बीच एक नए 'राजनीतिक युद्ध' के रूप में देखा जा रहा है।
 
चुनावों में भाजपा के हाथों सत्ता गंवाने वाली ममता बनर्जी के लिए यह समय सबसे नाजुक है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस कार्रवाई को देखकर साफ लग रहा है कि आने वाले दिनों में पश्चिम बंगाल में राजनीतिक ध्रुवीकरण और तेज होगा। भाजपा इस मुद्दे को लेकर ममता बनर्जी पर भ्रष्टाचार के सीधे आरोप लगा रही है और इसे 'बंगाल की जनता की गाढ़ी कमाई की लूट' करार दे रही है। वहीं दूसरी ओर, विपक्ष इसे राजनीतिक प्रतिशोध और टीएमसी को आर्थिक रूप से पंगु बनाने की केंद्र सरकार की सोची-समझी रणनीति बता रही है। ALSO READ: सांसद महुआ मोइत्रा पर फिर बरसाए अंडे, TMC भड़की, भाजपा पर लगाया आरोप

TMC पर क्या होगा असर?

इस कार्रवाई का असर तृणमूल कांग्रेस के भविष्य पर काफी गहरा और बहुआयामी पड़ सकता है। दरअसल, ईडी के इस कदम से टीएमसी आर्थिक रूप से पंगु हो सकती है। 440 करोड़ रुपए जैसी विशाल राशि का फ्रीज होना और 18 अन्य खातों का जांच के दायरे में आना TMC की राजनीतिक गतिविधियों को पूरी तरह ठप कर सकता है। दूसरी ओर, ममता बनर्जी ने हमेशा खुद को और अपनी पार्टी को सादगी और शुचिता का प्रतीक बताया है। हवाई जहाज (बिजनेस जेट) और हेलीकॉप्टर खरीदने के लिए पार्टी फंड से करोड़ों रुपए के कथित डायवर्जन के आरोपों से ममता बनर्जी की 'हवाई चप्पल और सूती साड़ी' वाली सादगी की छवि पर विरोधी तीखे हमले करेंगे। ALSO READ: ममता बनर्जी की बढ़ीं मुश्किलें, लगा एक और तगड़ा झटका, TMC की प्रदेश अध्‍यक्ष ने दिया इस्‍तीफा

पार्टी में हो सकता है और बिखराव

कई विधायक और सांसद टीएमसी का पहले ही साथ छोड़ चुके हैं। पार्टी के मुख्य फंड पर रोक लगने से कार्यकर्ताओं का मनोबल भी टूट सकता है। फंड की कमी के कारण जमीनी स्तर पर पार्टी कैडर को एकजुट रखना और भाजपा के आक्रामक रुख का सामना करना ममता बनर्जी के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण होगा। इतना ही नहीं, ममता बनर्जी राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी गठबंधन का एक बड़ा चेहरा रही हैं। इस तरह के गंभीर वित्तीय आरोपों के बाद राष्ट्रीय राजनीति में उनकी सौदेबाजी की शक्ति और साख कमजोर हो सकती है।

अब तक ED ने क्या-क्या कार्रवाई की?

इस मामले में केंद्रीय एजेंसी ने अब तक बेहद आक्रामक और गोपनीय तरीके से जांच को आगे बढ़ाया है। जून में दर्ज हुई एक साइबर धोखाधड़ी की FIR के बाद, मामले की गंभीरता को देखते हुए ED ने मनी लॉन्ड्रिंग (PMLA) के तहत जांच अपने हाथ में ली। मंगलवार को ED की टीमों ने कोलकाता में 5 प्रमुख ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इसमें 'केयरवेल ग्रुप ऑफ कंपनीज' के परिसर भी शामिल थे। ALSO READ: ममता बनर्जी ने संभाली TMC की कमान, बागी नेताओं को दी चुनौती, बोलीं- मुझे रोकना है तो मारना पड़ेगा...

18 बैंक खातों को खंगाल रही है ईडी

ED ने PMLA की धारा 17(1-ए) के तहत आदेश जारी कर TMC के तीन निजी बैंक खातों में जमा 440.42 करोड़ रुपए के लेन-देन पर तत्काल रोक लगा दी है। जांच में सामने आया कि अप्रैल 2023 से जून 2026 के बीच करीब 160 करोड़ रुपए केयरवेल एविएशन को भेजे गए। इसमें से 112 करोड़ रुपए का इस्तेमाल एक 'एम्ब्रेयर लेगेसी 600 बिजनेस जेट' और एक 'अगस्तावेस्टलैंड 109एसपी हेलीकॉप्टर' खरीदने के लिए किया गया, जो कथित तौर पर TMC को किराए पर दिए गए थे। ED के अधिकारी वर्तमान में TMC के कम से कम 18 बैंक खातों को खंगाल रहे हैं। साथ ही केयरवेल ट्रैवल्स, विंडबोर्न एविएशन और अनीता टूर्स जैसी संदिग्ध शेल कंपनियों के ट्रांजैक्शन की कड़ियों को जोड़ा जा रहा है।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala 
 
लेखक के बारे में
वृजेन्द्रसिंह झाला
वृजेन्द्रसिंह झाला पिछले 30 से ज्यादा वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं। प्रिंट एवं डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य का अनुभव। वर्तमान में वेबदुनिया की न्यूज टीम का नेतृत्व कर रहे हैं।    अनुभव : वृजेन्द्रसिंह झाला तीन दशक से ज्यादा का प्रिंट एवं डिजिटल मीडिया का अनुभव है। वर्तमान.... और पढ़ें