sundarkand
Sun, 16 Aug 2026

Notifications

  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. sanjay leela bhansali Padmavati

बड़ी खबर! 'पद्‍मावती' के सेट पर संजय लीला भंसाली को चांटा मारा, कपड़े भी फाड़े...

sanjay leela bhansali
राजस्थान की राजधानी जयपुर में मशहूर फिल्म डायरेक्टर संजय लीला भंसाली को राजपूत करणी सेना के सदस्यों ने चांटा मार दिया और उनके कपड़े फाड़ दिए। इस घटना के बाद फिल्म की शूटिंग रोक दी गई। 
बताया जाता है कि जिस समय यह घटना हुई उस समय भंसाली जयपुर स्थित जयगढ़ में अपनी ऐतिहासिक फिल्म ‘पद्मावती’ की शूटिंग कर रहे थे। राजपूत करणी सेना के सदस्य इस बात से नाराज थे कि फिल्म में कथित तौर पर तथ्यों से छेड़छाड़ की गई है।

करणी सेना के कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए वहां आए और सेट पर तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान भंसाली के कपड़े फट गए। उनकी कुर्सी भी छीन ली गई। इसके बाद फिल्‍म की शूटिंग भी रोक दी गई। फिल्‍म की शूटिंग जयगढ़ फोर्ट में हो रही थी।
 
करणी सेना के कार्यकर्ता विक्रमसिंह‍ ने बताया कि फिल्‍म में रानी पद्मावती के बारे में गलत तथ्‍य पेश किए जा रहे हैं। हमारा मुख्‍य प्रदर्शन फिल्‍म में तथ्‍यों के साथ छेड़छाड़ को लेकर था। इसे सहन नहीं किया जाएगा। सेना का आरोप है कि फिल्‍म में खिलजी और पद्मावती के प्रणय दृश्य भी हैं, जो गलत हैं। करणी सेना का कहना है कि पद्मावती ने खुद को खिलजी को सौंपने के बजाय जान दे दी थी। उन्‍होंने हजारों अन्‍य महिलाओं के साथ जौहर कर लिया था। 
 
उल्लेखनीय है कि फिल्म 'पद्मावती' चित्‍तौड़गढ़ के राजा रतनसिंह, उनकी पत्‍नी पद्मावती और अलाउद्दीन खिलजी पर आधारित हैं। फिल्‍म में शाहिद कपूर रतनसिंह, दीपिका पादुकोण पद्मावती और रणवीरसिंह अलाउद्दीन खिलजी की भूमिका निभा रहे हैं।
 
इस घटना के बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और मामला दर्ज कर लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों पर कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि इस घटना के बाद भंसाली ने यहां पर फिल्‍म शूटिंग नहीं करने का फैसला लिया है।