• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Rajnath Singh, By Election, BJP, Central Government, Congress
Written By
Last Updated : गुरुवार, 31 मई 2018 (16:20 IST)

उपचुनाव में हार पर बोले राजनाथ, लंबी छलांग लगाने के लिए दो कदम पीछे जाना पड़ता है

Rajnath Singh
भोपाल। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने देश में गुरुवार को कुछ स्थानों पर उपचुनावों में भारतीय जनता पार्टी को सफलता नहीं मिलने के संदर्भ में कहा कि लंबी छलांग लगाने के लिए दो कदम पीछे जाना पड़ता है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि देश में लगभग साठ वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद उसने किसानों के लिए कुछ नहीं किया और अब किसानों की आड़ में आंदोलन करने में जुटी है।


केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के चार वर्षों की उपलब्धियां बताने के लिए आयोजित पत्रकार वार्ता में केंद्रीय गृहमंत्री सिंह से चर्चा के दौरान उपचुनावों को लेकर मिले रुझान के संबंध में जब उनसे सवाल किया गया कि क्या नतीजे केंद्र और उत्तरप्रदेश में सत्तारुढ़ दल भाजपा के खिलाफ हैं तो उन्‍होंने सधा हुआ जवाब देते हुए सिर्फ इतना कहा कि लंबी छलांग लगाने के लिए दो कदम पीछे जाना पड़ता है।

सिंह ने पेट्रोलियम पदार्थों के दाम लगातार बढ़ने और इसको लेकर विपक्ष के तीखे हमलों के बारे में कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल (कच्चे तेल) के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। पेट्रोलियम कंपनियां उसके अनुसार दाम तय कर रही हैं। हालांकि उन्होंने कहा कि इससे देश की अर्थव्यवस्था पर कोई विपरीत असर नहीं पड़ रहा है। आर्थिक मोर्चे पर यदि कोई आपात स्थिति बनती है तो इससे निपटने के लिए केंद्र सरकार सक्षम है। सरकार के पास चार सौ मिलियन डॉलर का विदेशी मुद्रा भंडार है।

कांग्रेस ने किसानों के लिए कुछ नहीं किया : केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने आज कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि देश में लगभग साठ वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद उसने किसानों के लिए कुछ नहीं किया और अब किसानों की आड़ में आंदोलन करने में जुटी है।

सिंह ने यहां चर्चा में कहा कि मध्यप्रदेश में एक से दस जून तक किसान आंदोलन की जो बात कही जा रही है, दरअसल वह कांग्रेस का आंदोलन है। चुनावी वर्ष होने के कारण राजनीतिक फायदे के लिए कांग्रेस नेता इस तरह के कदम उठा रहे हैं। उन्होंने किसी का नाम लिए बगैर कहा कि पहले भी कांग्रेस के एक नेता ने संसद में 'महाराष्ट्र की कलावती' का जिक्र करके कुछ बातें कही थीं।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान किसानों के हितों के प्रति संवेदनशील हैं और उन्होंने किसानों के हित में अनेक कदम भी उठाए हैं। वहीं कांग्रेस ने देश में साठ साल तक सत्ता में रहने के बावजूद किसानों के लिए कुछ नहीं किया और अब उनके नेता किसानों की बातें करते हैं।

सिंह ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने चार वर्षों में ही किसानों के लिए बहुत कुछ किया है। उन्‍होंने कहा कि वे यह दावा नहीं करते कि किसानों के हित में चार वर्षों में पूरे कदम उठा लिए गए, लेकिन यह बात तय है कि सरकार 2022 तक किसानों की आय दोगुना करने के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं।

केंद्रीय गृहमंत्री सिंह ने आज यहां सेंट्रल अकॉदमी फॉर पुलिस ट्रेनिंग का उदघाटन किया। इस मौके पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह भी मौजूद थे। राजनाथ सिंह कल देर शाम भोपाल पहुंचे थे और रात्रि विश्राम भोपाल में ही किया था। वे आज दोपहर विशेष विमान से वापस दिल्ली रवाना हो गए। (वार्ता)