नोटबंदी के बाद 5.92 लाख करोड़ रुपए मूल्य के नोट जारी
मुंबई। रिजर्व बैंक ने बुधवार को कहा कि बैंकों ने उच्च राशि के नोटों पर पिछले महीने पाबंदी के बाद बैंकों ने 5.92 लाख करोड़ रुपए मूल्य की मुद्रा लोगों को जारी की है।
केंद्रीय बैंक ने यह भी कहा कि उसने 10 नवंबर से 19 दिसंबर के बीच 500 और 2,000 रुपए के 2.2 अरब :220 करोड़: नोट जारी किए।
हालांकि बैंकों में जो नोट डाले गए वे जमा किए गए पुराने 500 और 1,000 रुपए के नोटों के मुकाबले काफी कम है। रिजर्व बैंक तथा करेंसी चेस्ट में 10 दिसंबर तक कुल 12.44 लाख करोड़ रुपए मूल्य के उच्च राशि के पुराने नोट लौटाए गए हैं।
रिजर्व बैंक ने कहा कि आठ नवंबर की मध्यरात्रि से 500 और 1,000 रुपए के नोटों पर पाबंदी के बाद उसने लोगों के लिए बैंकों के जरिए विभिन्न राशि के नोट की पर्याप्त मात्रा में आपूर्ति की व्यवस्था की।
रिजर्व बैंक ने कहा, बैंकों ने सूचना दी है कि दस नवंबर से लेकर 19 दिसंबर 2016 तक 5,92,613 करोड़ रुपए लोगों को शाखाओं या एटीएम के जरिए दिए गए हैं। नोटबंदी नौ नवंबर को प्रभाव में आया और उस दिन बैंक बंद थे। विभिन्न बैंकों के 2.20 लाख से अधिक एटीएम भी बंद थे।
केंद्रीय बैंक ने कहा कि उसने बैंकों को लोगों को दिए जाने के लिए विभिन्न राशि के कुल 22.6 अरब नोट जारी किया है। इसमें से 20.4 अरब नोट 10 रुपए, 20 रुपए, 50 रपए और 100 रुपए के थे जबकि 2.2 अरब 2,000 और 500 रुपए के थे। (भाषा)