मंगलवार, 30 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. no compromise on integrity says pm narendra modi on ladakh face off
Written By
Last Modified: बुधवार, 17 जून 2020 (19:07 IST)

लद्दाख में चीन से हुई झड़प पर बोले PM मोदी- व्यर्थ नहीं जाएगा हमारे जवानों का बलिदान

लद्दाख में चीन से हुई झड़प पर बोले PM मोदी- व्यर्थ नहीं जाएगा हमारे जवानों का बलिदान - no compromise on integrity says pm narendra modi on ladakh face off
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि भारत शांतिप्रिय देश, लेकिन उकसाने पर उसे जवाब दिया जाएगा। राज्य के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि भारत माता के वीर सपूतों ने गलवान वैली में हमारी मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया है।
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं देश की सेवा में उनके इस महान बलिदान के लिए उन्हें नमन करता हूं, उन्हें कृतज्ञतापूर्वक श्रद्धांजलि देता हूं। दुःख की इस कठिन घड़ी में हमारे इन शहीदों के परिजनों के प्रति मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। आज पूरा देश आपके साथ है, देश की भावनाएं आपके साथ हैं।
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि चाहे स्थिति कुछ भी हो, परिस्थिति कुछ भी हो, भारत पूरी दृढ़ता से देश की एक-एक इंच जमीन की, देश के स्वाभिमान की रक्षा करेगा।
 
भारत सांस्कृतिक रूप से एक शांतिप्रिय देश है। हमारा इतिहास शांति का रहा है। भारत का वैचारिक मंत्र ही रहा है- लोकाः समस्ताः सुखिनो भवन्तु। हमने हर युग में पूरे संसार में शांति की, पूरी मानवता के कल्याण की कामना की है।
 
हमने हमेशा से ही अपने पड़ोसियों के साथ एक सहयोगी और दोस्ताना तरीके से मिलकर काम किया है। हमेशा उनके विकास और कल्याण की कामना की है। जहां कहीं हमारे मतभेद भी रहे हैं, हमने हमेशा ही यह प्रयास किया है कि मतभेद, विवाद न बनें।
 
हम कभी किसी को भी उकसाते नहीं हैं, लेकिन हम अपने देश की अखंडता और संप्रभुता के साथ समझौता भी नहीं करते हैं। जब भी समय आया है, हमने देश की अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करने में अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया है। अपनी क्षमताओं को साबित किया है।
 
त्याग और तितिक्षा हमारे राष्ट्रीय चरित्र का हिस्सा हैं, लेकिन साथ ही विक्रम और वीरता भी उतना ही हमारे देश के चरित्र का हिस्सा हैं। मैं देश को भरोसा दिलाना चाहता हूं, हमारे जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। हमारे लिए भारत की अखंडता और संप्रभुता सर्वोच्च है और इसकी रक्षा करने से हमें कोई भी नहीं रोक सकता। इस बारे में किसी को भी जरा भी भ्रम या संदेह नहीं होना चाहिए।
 
भारत शांति चाहता है, लेकिन भारत को उकसाने पर हर हाल में यथोचित जवाब भी दिया जाएगा। देश को इस बात का गर्व होगा कि हमारे सैनिक मारते मारते मरे हैं।