शुक्रवार, 27 मार्च 2026
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. civil aviation ministry aaib probe ajit pawar aircraft crash black box
Last Modified: नई दिल्ली/मुंबई , गुरुवार, 29 जनवरी 2026 (19:15 IST)

Ajit Pawar plane crash : बारामती हादसे का सच बताएगा Black box, दिल्ली से शुरू हुई बड़ी कार्रवाई, जांच में जुटी AAIB

ajit pawar plane crash
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के विमान हादसे को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर सूचित किया है कि दुर्घटनाग्रस्त विमान का 'ब्लैक बॉक्स' बरामद कर लिया गया है और उसे सुरक्षित कस्टडी में ले लिया गया है। मंत्रालय ने कहा है कि AAIB, DGCA और अन्य हितधारकों के साथ मिलकर सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जाएगी ताकि भविष्य में हवाई सफर को और अधिक सुरक्षित बनाया जा सके।

AAIB ने संभाली जांच की कमान

केंद्रीय मंत्री ने फडणवीस को बताया कि नागरिक उड्डयन मंत्रालय के तहत आने वाले विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) ने इस दर्दनाक हादसे की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे में उपमुख्यमंत्री के साथ सवार चार अन्य लोगों की भी जान चली गई थी।
विमान दुर्घटना एवं घटना नियमों के तहत जांच शुरू हो चुकी है। यह पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संचालित की जाएगी। तकनीकी रिकॉर्ड, ऑपरेशनल विवरण और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके।

भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने का आश्वासन

मुख्यमंत्री फडणवीस द्वारा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के अनुरोध पर केंद्रीय मंत्री ने आश्वासन दिया कि मंत्रालय इस विषय पर बेहद गंभीर है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होते ही उचित सुरक्षा उपाय और कड़े नियम लागू किए जाएंगे।

राज्य सरकार से सहयोग की अपील

केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि जांच को तेजी से पूरा करने के लिए महाराष्ट्र सरकार और स्थानीय प्रशासन का सहयोग अनिवार्य होगा। उन्होंने घटनास्थल तक पहुंच, प्रशासनिक सहायता और ग्राउंड एजेंसियों के साथ समन्वय के लिए राज्य सरकार से मदद मांगी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच के मुख्य निष्कर्षों को राज्य सरकार के साथ साझा किया जाएगा।
 

क्या है ब्लैक बॉक्स की अहमियत?

हादसे का शिकार हुआ विमान Learjet 45 था, जो बुधवार सुबह करीब 8:45 बजे बारामती के टेबलटॉप रनवे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। अब बरामद हुए 'ब्लैक बॉक्स' (जिसमें फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर शामिल होते हैं) की मदद से यह पता चल सकेगा कि क्रैश से ठीक पहले विमान में क्या तकनीकी खराबी आई थी या पायलटों के बीच क्या बातचीत हुई थी। Edited by : Sudhir Sharma
ये भी पढ़ें
अयोध्या में फर्जी जमानत पत्र तैयार करने वाली गैंग का पर्दाफाश, 5 गिरफ्तार